अम्बेडकरनगर।जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला आयुष समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा की गई, जिसमें जिले के आयुष हेल्थ वेलनेस सेंटर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, योगा वैलनेस सेंटर्स और निर्माणाधीन आयुष चिकित्सालयों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी निर्माणाधीन आयुष चिकित्सालयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित स्थलीय निरीक्षण का निर्देश संबंधित चिकित्सकों को दिया। उन्होंने योगा पार्क में समय पर योग कैंप आयोजित करने और सभी चिकित्सालयों में सफाई व्यवस्था को नियमित बनाए रखने के भी आदेश दिए। इसके साथ ही, सभी कर्मचारियों को अपने निर्धारित समय पर अस्पताल में उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर चिकित्सीय सेवाएं प्रदान करने का निर्देश भी दिया गया।
जिलाधिकारी ने आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक चिकित्सालयों में दवाओं की उपलब्धता और अन्य प्रमुख बिंदुओं पर भी विशेष चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में अनाधिकृत रूप से संचालित किसी भी चिकित्सालय का संचालन न हो। इसके लिए एक विशेष अभियान चलाकर अपंजीकृत या अनाधिकृत चिकित्सालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजकुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिला सूचना अधिकारी सहित आयुष विभाग के प्रभारी चिकित्सक, फार्मासिस्ट इंचार्ज और जिला कार्यक्रम प्रबंधक भी उपस्थित रहे।
