अम्बेडकरनगर। उच्चतम न्यायालय के निर्देश के क्रम में ज़िले में अस्वच्छ शौचालयों और मैनुअल स्कैवेंजर्स का सर्वेक्षण किया जा रहा है। यह सर्वेक्षण सभी नगरीय निकायों की सीमांतर्गत स्थित 139 वार्डों में किया जाएगा।
यह कदम, डॉ. बलराम सिंह बनाम यूनियन ऑफ इंडिया के मामले में दायर रिट याचिका संख्या 324/2020 के अनुपालन में उठाया गया है। उच्चतम न्यायालय ने 20 अक्टूबर 2023 को प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में मैनुअल स्कैवेंजर्स और अस्वच्छ शौचालयों के सर्वेक्षण का आदेश दिया था, जिसके तहत स्थानीय निकाय निदेशालय, गोमती नगर, लखनऊ ने यह निर्देश जारी किया है।
सर्वेक्षण कार्य 31 अगस्त 2024 तक पूरा किया जाना है। इसके लिए नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत जनपद अंबेडकर नगर को यह निर्देश दिया गया है कि सभी संबंधित नागरिक अपने क्षेत्र में उपस्थित होकर अस्वच्छ शौचालयों तथा मैनुअल स्कैवेंजर्स की जानकारी संबंधित कार्यालय में दें। ताकि नियमानुसार सर्वेक्षण और चिन्हीकरण का कार्य पूर्ण किया जा सके।
