अम्बेडकरनगर। थाना सम्मनपुर और सर्विलांस, स्वाट टीम की संयुक्त पुलिस टीम ने थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0-183/24 धारा-103(1) बीएनएस के तहत हत्या के मामले का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है।
मामला 26 अगस्त की सुबह करीब 09:30 बजे तब सामने आया जब थाना सम्मनपुर को सूचना मिली कि ग्राम सीहमऊ मोलनापुर के गन्ने के खेत में एक अर्धनग्न शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान करने की कोशिश की। मृतक की पहचान संदीप चौहान पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम कन्जा इस्माइलपुर थाना को0 जलालपुर के रूप में हुई।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी विशाल पाण्डेय ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर मु0अ0सं0-183/24 धारा-103(1) बी0एन0एस0 बनाम अज्ञात के तहत मामला दर्ज किया।
पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक संदीप चौहान का भतीजा विशाल ने उसे अपने घर से शाम को छोड़ दिया था, लेकिन उसके बाद संदीप का संपर्क नहीं हुआ। विशाल ने यह भी बताया कि संदीप का ग्राम सीहमऊ मोलनापुर की लड़की सुमन उर्फ गुड़िया और उसके पड़ोसी रंगीता से प्रेम प्रसंग चल रहा था। संदीप इन दोनों महिलाओं को धमकाकर प्रताड़ित करता था।
पुलिस की सर्विलांस और स्वाट टीम ने तकनीकी सहायता से और साक्ष्यों के आधार पर सुमन उर्फ गुड़िया और रंगीता को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि संदीप ने 25 अगस्त को दोनों महिलाओं को गन्ने के खेत में बुलाया और धमकी दी। दोनों महिलाओं ने मौके पर संदीप के सिर पर चाईनीज लोहे की टार्च से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने संदीप का मोबाइल, पर्स और टार्च को कूड़े के ढेर में छिपा दिया, जिसे पुलिस ने अभियुक्ताओं की निशानदेही पर बरामद किया।
