दर्दनाक हादसा: दवा लेने जा रहे व्यक्ति को पिकअप ने मारी टक्कर, चालक फरार

दर्दनाक हादसा: दवा लेने जा रहे व्यक्ति को पिकअप ने मारी टक्कर, चालक फरार



अम्बेडकरनगर। जिले के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के अफजलपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दवा लेने जा रहे व्यक्ति को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। घटना में राम आशीष मौर्य (45 वर्ष), पुत्र राम उजागिर मौर्य, निवासी रहीमपट्टी, सूरापुर, टांडा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।


जानकारी के अनुसार, राम आशीष मौर्य घर से दवा लेने के लिए बसखारी जा रहे थे, तभी बरियावन-टांडा रोड पर टांडा की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वह पिकअप में फंस गए और चालक ने भागने की कोशिश में उन्हें लगभग 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। यह दृश्य देखकर स्थानीय लोग हतप्रभ रह गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद घायल को पिकअप से बाहर निकाला।


हादसे में राम आशीष के हाथ-पैर बुरी तरह टूट गए हैं और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है, जहां डॉक्टर उनकी स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं।


पिकअप वाहन को पुलिस ने बरामद कर लिया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है, और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Post a Comment

और नया पुराने