डॉ करम चंद की नीट पीजी 2024 में शानदार सफलता

डॉ करम चंद की नीट पीजी 2024 में शानदार सफलता



अम्बेडकरनगर।डॉ. करम चंद विश्वकर्मा ने नीट पीजी 2024 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। डॉ. करम चंद विश्वकर्मा ने अपनी मेहनत और लगन से नीट पीजी 2024 में ऑल इंडिया रैंक 382 हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। 


जिले के ग्रामीण अंचल में  पैदा हुई प्रतिभाओं ने अपने नाम का डंका बजाना शुरू किया है। ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल कॉलेजों में शिक्षा ग्रहण कर अखिल भारतीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं को उत्तीर्ण कर उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त करने वालों की संख्या लगातार बढ़ने के समाचार मिलने से शिक्षा के प्रति अरुचि रखने वालों की सोच बदलने लगी है।


इस मेधावी का नाम करम चंद विश्वकर्मा है। यह युवक टांडा तहसील के अतरौरा की चिनगी ग्रामसभा के निवासी रामनाथ विश्वकर्मा और मायावती देवी की संतान है। 


डॉ. करम चंद की शैक्षणिक यात्रा प्रेरणादायक रही है। उन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा जनता इंटर कॉलेज, उतरेयू से 2012 में और इंटर की परीक्षा जेडीजेबी इंटर कॉलेज धनवारी खेमापुर से 2014 में उत्तीर्ण की। इसके बाद, 2017 में नीट यूजी परीक्षा पास कर जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। पांच सालों की कड़ी मेहनत के बाद, उन्होंने नीट पीजी 2024 में सफलता प्राप्त की।


विशेष बात यह है कि डॉ. करम चन्द ने यह रैंक पहली ही बार में हासिल की, जो न केवल उनके लिए बल्कि उनके परिवार और जिले के लिए गर्व का विषय है।


डॉ. करम चंद इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और मित्रों को देते हैं। उनके पिता, राम नाथ विश्वकर्मा (सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी, गुजरात) और माता मायावती (गृहणी) ने बेटे की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। क्षेत्र के प्रमुख लोग, जैसे डॉ. आनंद कुमार, कमलेश, शिवकुमार, सुभाष चन्द्र, बाल चन्द, संतोष कुमार और ध्रुव चन्द्र क्षेत्रवासी सहित अन्य सभी ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


इनकी सफलता साबित करती है कि कठिन परिश्रम और सच्ची लगन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। डॉ. करम चंद विश्वकर्मा की इस उपलब्धि ने न केवल अम्बेडकरनगर बल्कि पूरे राज्य को गर्वित किया है।

Post a Comment

और नया पुराने