अम्बेडकरनगर। जिले में बढ़ी चोरी, छिनैती व चैन स्नेचिंग की घटनाओं को गम्भीरता से लेते हुुए पुलिस द्वारा चलाये जा रहे अभियान में टाण्डा क्षेत्र में 5 महिलाओं समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार बीते 28 दिसम्बर को चैन स्नेचिंग की सूचना मिलने पर वादिनी सफीना खान पत्नी फाकिर बेग निवासी मुबारकपुर-चिन्तौरा, थाना कोतवाली टाण्डा द्वारा 5 अज्ञात महिलाओं के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया गया था, जिसके सम्बन्ध में कुछ महिलाओं पर शंका होने पर उसी दिन उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पकड़ी गई महिलाओं बिन्दु पत्नी लालबाबू, आरती पत्नी आनन्द हरिजन, मीतू पत्नी राकेश हरिजन, गीता पत्नी जितेन्द्र हरिजन, मीरा पत्नी रामू हरिजन व भोला यादव पुत्र त्रिवेणी यादव सभी निवासी थाना बड़हलगंज जनपद गोरखपुर बताये गये।
पकड़ी गई महिलाओं की तलाशी ली गई तो उनके पास से एक टूटी हुई सोने की चेन, एक छोटा चाकू, 2 सोने की टप्स, 1 सोने की लॉकेट, एक सोने की कान की लड़ी व 5 चांदी की पायल तथा 2 हजार 350 रूपए नकद बरामद हुए। पकड़ी गई महिलाओं की सरगना बिन्दू ने बताया कि हमारा एक अन्तर्जनपदीय गैंग है, जो अलग-अलग जनपदों में जाकर भीड़-भाड़ वाले इलाकों, मेलों, राह चलती महिलाओं व टैम्पो में बैठी महिलाओं व दुकानों में चोरी, चैन कटिंग जैसा कार्य करता है। इसे अलग-अलग जनपदों में बेंचकर इससे भारी धन कमाते हैं।