अम्बेडकरनगर में दिनदहाड़े 22 लाख की चोरी

अम्बेडकरनगर में दिनदहाड़े 22 लाख की चोरी


बैंक से पैसा लेकर जा रहा था ATM फ्रेंचाइजी संचालक, पंचर कार से रुपए उड़ा ले गए शातिर चोर

अम्बेडकरनगर के अकबरपुर थाना कोतवाली क्षेत्र में शातिर चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सड़क किनारे खड़ी गाड़ी में रखे करीब 22 लाख रुपए लेकर शातिर चोर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस सीसीटीवी की मदद से घटना की जांच-पड़ताल में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, अकबरपुर निवासी हेमंत सिंह की अयोध्या रोड पर इंडिया वन एटीएम की फ्रेंचाइजी है। बताया जा रहा है कि हेमंत सुबह करीब 11 बजे शहजादपुर में स्थित एचडीएफसी बैंक से 22 लाख 50 हजार रुपए लेकर अपनी डिजायर कार से 200 मीटर ही निकले थे, तभी इनकी कार पंचर हो गई। जिससे वह गाड़ी सड़क पर खड़ी करके पंचर बनवाने के लिए दुकान पर गए। इसी दौरान टप्पेबाजों ने कार में रखा रुपए से भरा बैग पार कर दिया।

जब हेमंत सिंह कार के पास वापस आए तो देखा कि कार में बैग ही नहीं है। आनन-फानन में उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से जांच-पड़ताल में जुटी है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टप्पेबाजी की घटना हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने