Omicron: यूपी में 25 दिसंबर से नाइट कर्फ्यू

Omicron: यूपी में 25 दिसंबर से नाइट कर्फ्यू


शादियों में 200 से ज्यादा लोगों को इजाजत नहीं

कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के लगातार बढ़ते मामलों ने देश में महामारी की तीसरी लहर के खतरे को बढ़ा दिया है। ऐसे में ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए शुक्रवार को यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने भी प्रदेश में नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर दिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस के हालात को लेकर अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की, जिसके बाद फैसला लिया गया कि यूपी में 25 दिसंबर से नाइट कर्फ्यू लागू किया जाएगा, जो रात 11 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा।

नाइट कर्फ्यू के अलावा योगी सरकार ने यूपी में शादियों में मेहमानों की संख्या भी सीमित कर दी है। यूपी सरकार के नए आदेश के मुताबिक, अब शादियों में 200 से ज्यादा मेहमानों को शामिल होने की इजाजत नहीं होगी। आपको बता दें कि एक दिन पहले ही गुरुवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी प्रदेश में नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है। इनके अलावा क्रिसमस और नए साल पर होने वाले आयोजनों के बीच, ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार भी आज राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए नई गाइडलाइन जारी कर सकती है।

देश में ओमिक्रॉन के मामले बढ़कर हुए 358 गौरतलब है कि शुक्रवार को देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 358 तक पहुंच गई। हालांकि ओमिक्रॉन वेरिएंट के सबसे ज्यादा मरीज अभी तक दिल्ली और महाराष्ट्र में ही मिले हैं। इससे पहले गुरुवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी केंद्रीय चुनाव आयोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए फिलहाल एक-दो महीने के लिए यूपी के विधानसभा चुनाव टाल देने चाहिए। हाईकोर्ट ने कहा कि अगर चुनावी रैलियां ऐसे ही होती रहीं, तो नतीजा कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर से भी ज्यादा भयावह होगा।

Post a Comment

और नया पुराने