अम्बेडकरनगर। जिले की पांच विधानसभा सीटों पर छठे चरण में तीन मार्च को मतदान होगा। निर्वाचन आयोग की घोषणा के बाद जिला प्रशासन ने शनिवार देर शाम बाकायदा चुनाव कार्यक्रम भी जारी कर दिया। इसके अनुसार 4 फरवरी से 11 फरवरी तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे, जबकि 14 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 16 फरवरी को प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। उधर, आदर्श आचार संहिता प्रभावी होते ही जिले में उसका तत्काल सख्ती से पालन करना शुरू कर दिया गया।
चुनाव आयोग की नई दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस समाप्त होने के साथ ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस कर्मी राजनीतिक दलों की होर्डिंग, पोस्टर व बैनर हटाने में जुट गए। इसमें प्रशासनिक अधिकारी तथा नगर पालिका व पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी भी शामिल रहे। डीएम व एसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को नए सिरे से आदेश जारी कर कहा कि आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाए।विधानसभा सामान्य चुनाव के लिए शनिवार को निर्वाचन आयोग ने घोषणा करने के साथ ही तय कर दिया कि अंबेडकरनगर जिले में छठे चरण में चुनाव कराया जाएगा।
पांच राज्यों में कुल सात चरण में चुनाव कराए जाने की घोषणा आयोग ने की है। इसमें अम्बेडकरनगर जिले की आलापुर सुरक्षित सीट के अलावा अकबरपुर, जलालपुर, टांडा व कटेहरी में छठवें चरण के अंतर्गत तीन मार्च को मतदान होगा। निर्वाचन आयोग की घोषणा के कुछ देर बाद ही जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल एन ने जिले में चुनाव का विधिवत कार्यक्रम भी जारी कर दिया। इसमें कहा गया कि सभी पांच सीटों के लिए दावेदार चार फरवरी से अपना नाम निर्देशन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष जमा कर सकेंगे।
11 फरवरी तक नामांकन पत्र जमा होंगे। प्रत्याशियों द्वारा जमा किए गए नामांकन पत्रों की जांच 14 फरवरी को संबंधित तहसीलों के रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष में होगी। दावेदारों की ओर से 16 फरवरी को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। सभी पांच सीटों पर मतदान 3 मार्च को होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव कार्यक्रम जारी करने के साथ ही आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। कहा कि चुुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने भी आदर्श आचार संहिता का पालन बेहतर ढंग से कराए जाने का निर्देेश देते हुए कहा कि सभी थानाध्यक्षों को इस बारे में लगातार कार्य करना होगा।
उधर, देश भर में आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही जिले में उसका सख्ती से पालन करने का दौर भी शुरू हो गया। चुनाव आयोग की प्रेस वार्ता समाप्त होने के तत्काल बाद ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम सड़कों पर उतर पड़ी। मुख्य मोर्चा पुलिस कर्मियों ने ही संभाला। जिला मुख्यालय से लेकर बसखारी, जलालपुर, जहांगीरगंज, टांडा, मालीपुर, अहिरौली, महरुआ व भीटी आदि क्षेत्रों में लगे बैनरों, पोस्टरों व होर्डिंग को हटाया जाने लगा। इसमें नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के कर्मचारियों के साथ ही पीडब्ल्यूडी कर्मियों का भी सहारा लिया गया। पहले चरण में बड़ी होर्डिंग व बैनरों पर गाज गिरी।a