अम्बेडकरनगर। विधानसभा चुनाव को देखते हुए जनपद पुलिस ने जिले में अराजकतत्वों के विरुद्घ बड़ी कार्रवाई की है। पिछले अक्तूबर से लेकर अब तक 23 हजार 987 व्यक्तियों के विरुद्घ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। 87 पर गुंडा एक्ट लगाया गया है, जबकि 17 अपराधी जिला बदर कर दिए गए। 698 हिस्ट्रीशीटरों पर भी निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। तीन अपराधियों पर एनएसए लगाया गया है, जबकि 4 हजार 316 लाइसेंसी असलहे जमा करा दिए गए हैं।
विधानसभा चुनाव की घोषणा भले ही शनिवार को हुई, लेकिन जिले में पुलिस कर्मी बीते अक्तूबर से ही चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने की मुहिम चलाए हुए थे। एसपी आलोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में प्रतिदिन धरपकड़ व निरोधात्मक कार्रवाई चल रही थी। एएसपी संजय कुमार राय ने बताया कि कुल 23 हजार 987 व्यक्तियों पर निरोधात्मक कार्रवाई बीते अक्तूबर से की गई है। 110 जीसीआरपीसी की कार्रवाई 600 व्यक्तियों पर की गई है, जबकि 2 हजार 97 व्यक्तियों पर शांतिभंग की कार्रवाई हुई है।20 अभियुक्तों के विरुद्घ गैर जमानती वारंट की कार्रवाई की जा रही है।
विभिन्न मामलों में अभियुक्त बनाए गए 2 हजार 75 अभियुक्तों में से 2 हजार 65 को गिरफ्तार किया गया है। 87 बदमाशों का गुंडा एक्ट में चालान हुआ है। जबकि 17 अपराधियों को जिला बदर किया गया है। गैंगेस्टर एक्ट का एक मामला पंजीकृत कर दो अभियुक्त शामिल किए गए हैं। तीन बदमाशों पर एनएसए लगाया गया है। कुल 8 हजार 874 लाइसेंसी असलहों में से 4 हजार 316 असलहे जमा करा लिए गए हैं। कुल 955 हिस्ट्रीशीटरों में से 698 पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।