50 हजार मतदाताओं द्वारा बैलेट पेपर पर किया जायेगा मतदान

50 हजार मतदाताओं द्वारा बैलेट पेपर पर किया जायेगा मतदान

अंबेडकरनगर। चुनाव आयोग ने सेना के जवानों के अलावा इस बार बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता को भी बैलेट पेपर से मतदान करने की सुविधा दी है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने इसके लिए 155 टीमों को लगा दिया है। टीमों ने बैलेट पेपर भेजने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इन्हें सुरक्षित बचाने में विशेष राहत मिलेगी। इससे भी अहम बात यह कि मतदान फीसद में इजाफा होगा।

लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अभी तक सेवारत सैनिकों को मतदान के लिए बैलेट पेपर भेजा जाता रहा है। इससे इतर अन्य कर्मियों तथा विदेश में रहने वालों को मांग के अनुसार यह सुविधा दी जाती थी। कोरोना महामारी और अक्षमता की वजह से बुजुर्ग व दिव्यांग मतदान करने से कतराने लगे हैं। इससे राहत देते हुए चुनाव आयोग ने इस बार उन्हें बैलेट पेपर से मतदान की सुविधा दी है। पांचों विधानसभा क्षेत्रों में करीब 2179 सेवारत सैनिक मतदाता हैं। इससे इतर 13 हजार 879 दिव्यांग मतदाता व 80 साल से अधिक आयु के 34 हजार 27 बुजुर्ग मतदाता हैं। इनके घर पर बैलेट पेपर भेजा जा रहा है।कोरोना संक्रमित भी पाएंगे सुविधा: बैलेट पेपर पर मतदान की सुविधा का लाभ इनके अलावा कोरोना संक्रमितों को भी मिलेगा।

ऐसे मतदाताओं की मांग पर बैलेट पेपर दिया जाएगा। कोरोना संक्रमित होने और इनमें लक्षण दिखने पर सुविधा मिलेगी। हालांकि संक्रमितों को मतदान केंद्र पर भी पहुंचकर मतदान का अधिकार होगा। इन्हें कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए शारीरिक दूरी बनाकर मास्क एवं दस्ताना पहन मतदान करना होगा। खुद के संक्रमित होने के बारे में लोगों को मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद बताना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशों का सख्ती से पालन कराने में निगरानी टीमें सक्रिय हो गई हैं। आदर्श आचार संहिता का धरातल पर अनुपालन कराने में शहर से गांव तक जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट लग गए हैं।

चुनाव आयोग का उड़नदस्ता भी संदिग्धों पर पैनी नजर लगाए है। कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में पुलिस बल के साथ उड़नदस्ता के सदस्य उपेंद्र वर्मा, बलराम सिंह और विनय कुमार सिंह ने अकबरपुर-अयोध्या मार्ग के तिवारीपुर मोड़ पर वाहनों को रोककर चेक किया। यहां कोई भी संदिग्ध वस्तु या अधिक कैश नहीं पाया गया। टीमों ने टांडा, जलालपुर, अकबरपुर और आलापुर में भी चेकिग की। यहां भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। वीडियो अवलोकन और निगरानी टीमों के हाथ अभी तक कुछ नहीं लगा है। स्थाई निगरानी टीमें भी लगातार गतिशील हैं। चुनाव प्रचार सामग्री हटाने के मामले में भ्रामक सूचना देने पर एक पोर्टल संचालक को नोटिस जारी करने का निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिया है।



रेनबोन्यूज से वार्ता करते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार कन्नौजिया ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा सेना के जवान, बुुजुर्ग व दिंव्याग मतदाताओं की सुविधा के लिये चुनाव आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों का शत प्रतिशत पालन कराया जा रहा है। 

Post a Comment

और नया पुराने