अम्बेडकरनगर। लगभग चार महीने से अधिक समय से खाली जिला विद्यालय निरीक्षक की कुर्सी पर शासन ने डीआईओएस की तैनाती कर दी है। आगरा में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय के पद पर कार्यरत प्रवीण कुमार मिश्र को जिले का डीआईओएस बनाया है। वे रविवार को कार्यभार ग्रहण कर लेंगे। कई दिनों से ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि जल्द ही किसी जिला विद्यालय निरीक्षक की तैनाती होगी।
शनिवार को आचार संहिता लागू होने से पूर्व शासन ने जिले में खाली चल रही डीआईओएस की कुर्सी पर तैनाती कर दी है। भाष्कर मिश्र के यहां से हटाए जाने के बाद से ही शासन के आदेश पर उप शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल आनंदकर पांडेय जिले का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे थे। लेकिन अत्यधिक व्यस्तता के कारण वे जिले को समय नहीं दे पा रहे थे। इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा भी शासन से वार्ता कर किसी स्थाई जिला विद्यालय निरीक्षक की तैनाती की मांग की गई थी। इसी क्रम में शासन ने आगरा जनपद में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय के रूप में कार्यरत प्रवीण कुमार मिश्र की यहां पर तैनाती कर दी है।
1997 बैच के पीईएस अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र इससे पहले बागपत, सोनभद्र और मुजफ्फरनगर में जिला विद्यालय निरीक्षक रह चुके हैं। साथ ही मेरठ में एसोसिएट डीआईओएस और माध्यमिक शिक्षा निदेशालय प्रयागराज में भी तैनात रहे। उन्होंने बताया कि वे रविवार कार्यभार ग्रहण कर लेंगे। जिले में स्थाई डीआईओएस की तैनाती पर शिक्षकों ने खुशी जताई है। लंबे समय से स्थाई जिला विद्यालय निरीक्षक न होने से यहां पर कामकाज प्रभावित हो रहा था और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। तमाम शासकीय कार्य भी स्थाई डीआईओएस ना होने के कारण प्रभावित हो रहे थे।