अम्बेडकरनगर। जिले के भीटी थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम दुल्लापुर में दबंगों द्वारा अपने पट्टीदार की भूमि में अवैध निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जबकि उक्त भूमि पर धारा 116 उ0प्र0रा0सं0 के तहत मुकदमा विचाराधीन है। दबंग विपक्षियों द्वारा कराये जा रहे निर्माण कार्य को जब रोकने की बात की जाती है तो वे लोग मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
गाँव निवासी दलित पांचू राम पुत्र अंगनू उर्फ ककनू ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित एक प्रार्थना-पत्र देते हुए कहा है कि उसके खाता संख्या-39 की गाटा संख्या- 489 रकबा 0.094 हेक्टेयर की खतौनी विपक्षी जोरई पुत्र अंगनू उर्फ ककनू द्वारा जबरिया निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। जबकि उसके और उसके विपक्षी पट्टीदार के मध्य बउनमान घिसई बनाम राम खेलावन अन्तर्गत धारा-116 उ.प्र.रा.सं. का मुकदमा विचाराधीन है, इसके बावजूद भी उसके दबंग विपक्षियों द्वारा बंटवारे से अलग निर्माण कार्य करवाया जा रहा है।
जिससे बंटवारे का कोई महत्व नहीं रह गया है। मुख्यमंत्री को दिये प्रार्थना-पत्र में पांचू राम ने कहा है कि इस सम्बन्ध में उसने कई बार जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को प्रार्थना-पत्र दिया लेकिन इसके बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई। पांचू राम ने मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि उसके हिस्से की भूमि में जबरिया किए जा रहे अवैध निर्माण को रूकवाया जाये।