ब्रिटेन की सांसद नुसरत ग़नी ने अपने आरोपों से देश की राजनीति में ला दिया है भूचाल
दरअसल, नुसरत ग़नी ने कहा है कि साल 2020 में उन्हें मंत्री पद से सिर्फ इसलिए बर्ख़ास्त कर दिया गया क्योंकि वह मुस्लिम हैं. ग़नी ने दावा किया है कि सरकारी व्हिप ने उन्हें बर्खास्त करने के लिए उनके धर्म को कारण बताया.
संडे टाइम्स के मुताबिक, कंजर्वेटिव पार्टी की सांसद नुसरत ग़नी कहती हैं कि जब उन्होंने मंत्री पद से बर्ख़ास्त किए जाने की वजह पूछी तो उन्हें बताया गया कि उनका मुस्लिम होना एक मुद्दा था. वहीं, कंज़रवेटिव चीफ़ व्हिप मार्क स्पेंसर ने ग़नी के आरोपों को पूरी तरह ग़लत और अपमानजनक बताया है.
कैबिनेट मंत्री नदीम ज़हावी ने कहा है कि ग़नी की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच होनी चाहिए. ग़नी को साल 2018 में परिवहन विभाग में एक पद पर नियुक्त किया गया था लेकिन फ़रवरी 2020 में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की सरकार में हुए छोटे से फेरबदल के दौरान उनसे यह पद वापस ले लिया गया था.