अम्बेडकरनगर। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का ऑफर भी विधायक सुभाष राय को पार्टी से जाने से नहीं रोक पाया। विधायक सुभाष राय ने सपा को बाय-बाय कह कर बीजेपी जॉइन कर ली। विधायक के बीजेपी में शामिल होने के बाद अब जलालपुर में बीजेपी से टिकट मांग रहे दावेदारों को बड़ा झटका लगा है।
माना जा रहा कि सिटिंग विधायक सुभाष राय ही बीजेपी से चुनाव लड़ेंगे। 2019 के उपचुनाव में सुभाष राय ने सपा से विधायक बने। इन्होंने बीएसपी की छाया वर्मा को करीब 776 वोटों से हराया था। ये सीट बीएसपी से विधायक रीतेश पाण्डेय के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी।
सुभाष रॉय ने छात्र राजनीति से अपने कैरियर की शुरुआत की। कोयलसा डिग्री कॉलेज से चुनाव लड़ने के साथ काशी विद्यापीठ में छात्र राजनीति का चुनाव लड़ा। हालांकि वह इस दौरान कोई चुनाव नहीं जीते। छात्र राजनीति में असफलता के बाद सुभाष राय ने जिले की राजनीति में कदम रखा और सपा, बसपा और बीजेपी से जुड़कर वह 4 बार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीते।