उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हो गए हैं। आरपीएन सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और ज्योतिरादित्य सिंधिया, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रमुख स्वतंत्र देव सिंह और यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्य की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली है। आज सुबह ही उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजा था।
आरपीएन सिंह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना राजघराने से आते हैं। लंबे समय से उनका परिवार राजनीति में है। आरपीएन सिंह पड़रौना सीट से कई बार विधायक रह चुके हैं। 2009 में वो लोकसभा के लिए चुने गए और मनमोहन सिंह की सरकार में केंद्र में मंत्री बने। आरपीएन सिंह के पिता सीपीएन सिंह मरहूम भी इंदिरा गांधी के समय में सांसद और केंद्र में रक्षा राज्य मंत्री रहे थे।
स्वामी प्रसाद मौर्य के सामने उतार सकती है भाजपा
कुशीनगर की पडरौना सीट से इस समय स्वामी प्रसाद मौर्य विधायक हैं। मौर्य 2017 में बीजेपी से यहां से विधायक चुने गए थे। हाल ही में स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर ली है। ऐसे में माना जा रहा है कि मौर्य को टक्कर देने के लिए भाजपा ने उत्तर प्रदेश में उनको अपने पाले में किया है। बीजेपी आरपीएन सिंह को स्वामी प्रसाद मौर्या के खिलाफ पडरौना से चुनाव लड़ा सकती है।