अम्बेडकरनगर। जिले में धान खरीद बंद होने की उल्टी गिनती प्रारंभ हो गई है। पीसीएफ के 24 केंद्रों को गुरुवार शाम अचानक बंद कर दिया गया। इससे किसान परेशान हैं। अब जिले में सिर्फ 17 क्रय केंद्रों पर ही धान की खरीद होगी। जिले में धान खरीद की शुरूआत एक नवंबर से पांच एजेंसियों के 82 क्रय केंद्रों पर हुई थी। अब तक 26 हजार 564 किसानों के एक लाख 37 हजार 474 एमटी धान की खरीद हो चुकी है। सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि समय रहते लक्ष्य को पूरा कर लिया जाए। धान की बिक्री करने के लिए क्रय केंद्र पर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की मुश्किल न होने दी जाए।
जिले में धान खरीद का कार्य अंतिम दौर में पहुंच गया है। हालांकि 28 फरवरी तक धान की खरीद होनी है, लेकिन क्रय केंद्रों की संख्या लगातार कम की जा रही है। गुरुवार शाम अचानक पीसीएफ के 24 केंद्रों पर धान खरीद बंद कर दी गई। प्रमुख सचिव की तरफ से आए आदेश के बाद नवीन मंडी समिति समेत विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित क्रय केंद्रों को शून्य घोषित कर दिया गया। इससे इन केंद्रों पर शुक्रवार को धान लेकर पहुंचने वाले किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। प्रशासन के इस निर्णय के बाद जिले में अब कुल 17 केंद्रों पर ही धान की खरीद होगी।जिले मेें धान खरीद का कार्य बीते नवंबर से प्रारंभ हुआ था।
एक लाख 58 हजार 400 मीट्रिक टन खरीद के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों मेें पांच एजेेंसियों के कुल 82 केेंद्र स्थापित किए गए। शुरुआत में विभिन्न गड़बड़ियों के चलते धान की खरीद काफी धीमी गति से चली, लेकिन बाद में डीएम की सख्ती के बाद खरीद में तेजी आई। अब जबकि खरीद समाप्त होने में मात्र 24 दिन ही शेष हैं, तो ऐसे में खरीद लक्ष्य के काफी करीब है। खाद्य एवं विपणन कार्यालय के अनुसार जिले में अब तक 26 हजार 564 किसानों के एक लाख 37 हजार 474 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। यह लक्ष्य की तुलना में 86.79 प्रतिशत है।
खाद्य एवं विपणन अधिकारी कार्यालय के अनुसार खाद्य विभाग के 31 केंद्रों पर 13 हजार 333 किसानों का 71012.58 एमटी, पीसीएफ के 40 क्रय केंद्रों पर 11 हजार 397 किसान का 56281.297 एमटी, यूपीएसएस के 9 केंद्रों पर एक हजार 110 किसानों का 6486.52 एमटी, मंडी समिति के एक केेंद्र पर 476 किसानों का 25.8 एमटी व भारतीय खाद्य निगम के एक केंद्र पर 248 किसानों के 1186.280 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई।
खाद्य एवं विपणन अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि जिले में धान खरीद के एक लाख 58 हजार 400 एमटी लक्ष्य की तुलना में 86.79 प्रतिशत धान की खरीद हो चुकी है। शीघ्र ही खरीद के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा। इस संबंध में सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं।