कोरोना वायरस और न्यू वेरिएंट ओमिक्रॉन की रफ्तार देश के साथ-साथ प्रदेश में धीमी पड़ने लगी है। रोजना कोरोना के नए मामलों में गिरावट देखते हुए प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दरअसल, योगी सरकार ने 6 फरवरी के बाद से प्रदेश में स्कूल-कॉलेज खोलने की इजाजत दे दी है। हालांकि, इस दौरान कोविड गाइडलाइंस का पालन करना अनिवार्य होगा।
इस संबंध में केंद्र सरकार ने गाइडलाइंस भी जारी की है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रलाय की तरफ से जारी गाइडलाइंस का सभी स्कूलों को पालन करना होगा। केंद्र सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक, स्कूल-कॉलेज खोलने से पहले परिसर को सैनिटाइज करके रखना होगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। स्कूलों में भीड़ जुटने वाले कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे। बच्चों के साथ टीचरों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। बोर्डिंग स्कूलों में दो बेड्स के बीच उचित दूरी रखनी होगी।
आपको बता दें कि प्रदेश में जनवरी के पहले सप्ताह से स्कूल-कॉलेज बंद हैं और केवल ऑनलाइन क्लासेज़ आयोजित करने की अनुमति है। खबरों के मुताबिक, शनिवार 05 फरवरी को एक बार फिर कोरोना समीक्षा की बैठक आयोजित की जा सकती है जिसमें स्कूलों को खोलने पर फैसला लिया जाएगा। प्रशासन ने अभी 06 फरवरी तक के लिए स्कूल-कॉलेज बंद रखे हैं। इससे पहले 3 बार स्कूलबंदी की अवधि बढ़ाई जा चुकी है।
वहीं, देश में कोरोना के पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,49,394 नए केस सामने आए हैं और 1072 लोगों की कोरोना से मौत हुई। वहीं, इस दौरान कोरोना से 2,46,674 लोग ठीक हुए हैं। देश में एक्टिव केसों की संख्या 14,35,569 है। देश में वैक्सीनेशन आंकड़ा 1,68,47,16,068 (168.47 करोड़) है। कोरोना से अब तक कुल मौतों का आंकड़ा 5,00,055 है। देश में डेली पॉजिटिविटी रेट 9.27 फीसदी है।