अम्बेडकरनगर। जैतपुर पुलिस और स्वाट टीम के साथ आबकारी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में नकली शराब बनाने के अन्तर्जनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दो आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए इनके कब्जे से 100 लीटर अवैध स्प्रिट, छह हजार ढक्कन, 10 हजार रैपर, 350 खाली बोतल, 50 गत्ता और एक बंडल होलोग्राम बरामद किया है। गिरोह का सरगना अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
विधानसभा चुनाव को लेकर अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अभियान चला रही है। शुक्रवार को जैतपुर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ रामगढ़ सीमा पर चेकिग कर रहे थे। कुछ व्यक्ति के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पुल के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े होने की सूचना मिली। इनके पास अवैध शराब बनाने का सामान बताया गया। इसके बाद थाना जैतपुर पुलिस, स्वाट टीम ने आबकारी पुलिस के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पुल के पास अंबारी रोड से रात करीब 11 बजे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान मऊ जनपद के थाना मोहम्मदाबाद के कुठिया गांव के लोकनाथ यादव व हाफिजपुर के यशवंत कुमार के रूप में हुई। आजमगढ़ जिले के थाना जीयनपुर के गांव अमुआरी का गुड्डू उर्फ संतोष सिंह भाग निकला।
गिरफ्तार आरोपितों से नकली शराब बनाने का जखीरा बरामद हुआ। दोनों आरोपितों पर आबकारी अधिनियम, कापी राइट अधिनियम और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्तों ने बताया कि गिरोह का सरगना गुड्डू उर्फ संतोष सिंह के घर नकली शराब बनाती है। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने थानाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह, एसआइ जय किशन यादव, आबकारी निरीक्षक मोहर सिंह, आरक्षी दुर्गा प्रसाद को शाबाशी दी है।