न्यायिक अधिकारियों ने किया जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण

न्यायिक अधिकारियों ने किया जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण

अम्बेडकरनगर। अपर जनपद न्यायाधीश‚ नेहा आनंद, मुख्य न्यायिक मैजिस्ट्रेट‚ पूनम सिंह एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर‚ प्रियंका सिंह द्वारा जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इन न्यायिक अधिकारियों ने पाकशाला‚ बैरेकों तथा अस्पताल वॉर्ड का निरीक्षण किया। 

सर्वप्रथम कमेटी महिला बैरक पहुंची, तत्समय शिक्षाध्यापिका नीलम वर्मा द्वारा बंदिनियों एवं उनके बच्चों काे शिक्षित करने का कार्य किया जा रहा था‚ जिसे देखकर माननीय न्यायाधीशों ने अत्यधिक प्रसन्नता जताई। मोनू ने "प्रभु हमको दो विद्यादान" कविता अपनी तोतली भाषा में सुनाकर सभी का मन मोह लिया। 

कुछ नव-साक्षर बंदिनियों द्वारा स्लेट पर चौक से अपना नाम लिखकर भी उन्हें दिखाया गया। उनके खान- पान‚ बच्चों को दूध व फल, चिकित्सा‚ मुलाका़त तथा साफ़–सफा़ई के संबंध में कोई भी शिकायत न किए जाने पर समस्त महिला न्यायाधीशों ने अत्यंत संतोष व्यक्त किया। 

जेल अधीक्षक हर्षिता मिश्रा द्वारा महिला बैरक में नवीन पी.सी.ओ. (कैशलेस) स्थापित कराए जाने की सूचना उन्हें दी गई। जिस पर मा. न्यायाधीश त्रय ने जेल प्रशासन की सराहना की तथा महिला वार्ड में छाया हेतु वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। संयुक्त आकस्मिक निरीक्षण के समय समस्त स्टाफ़ उपस्थित थे, निरीक्षण संतोष जनक रूप से सम्पन्न हुआ।

Post a Comment

और नया पुराने