अम्बेडकरनगर। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा प्रेषित प्लान ऑफ एक्शन 2022-23 के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर पद्मनारायण मिश्र के निर्देशानुसार 19 अप्रैल 2022 को ड्वाकरा हाल, विकास खण्ड-अकबरपुर में ट्रांसजेण्डरों के सशक्तीकरण के सम्बन्ध में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन कोविड-19 महामारी को दृष्टिगत रखते हुए जारी दिशा-निर्देशों के अन्तर्गत किया गया। इस विधिक साक्षरता शिविर में सुश्री प्रियंका सिंह, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अम्बेडकरनगर द्वारा प्रतिभाग किया गया।
शिविर के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अम्बेडकरनगर द्वारा बताया गया कि उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अम्बेडकरनगर के आदेशानुसार दिनांक 14.05.2022 दिन शनिवार को जनपद न्यायालय अम्बेडकरनगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है।
उपरोक्त के अतिरिक्त सचिव प्रियंका सिंह द्वारा बताया गया कि जनपद में स्थायी लोक अदालत भी संचालित है जहां पर वायु, सड़क एवं जलमार्ग से सम्बन्धित यात्रियों एवं सामान ढोने से सम्बन्धित विवाद, डाकतार, टेलीग्राफ या दूरसंचार से सम्बन्धित विवाद, किसी संस्थान के द्वारा प्रदत्त विद्युत एवं पानी से सम्बन्धित विवाद, लोक सफाई व स्वच्छता प्रणाली से सम्बन्धित विवाद, बीमा सेवाओं से सम्बन्धित विवाद तथा शिक्षा सम्बन्धित विवादों का निपटारा किया जाता है।
इस शिविर में जिला विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, सुधीर सिंह, अतुल कुमार सिंह, सै0 नदीम रजा़, राजेन्द्र कुमार, आज्ञाराम राजभर, चन्दन कुमार, रत्नेश कुमार, दीपचरण शुक्ला, प्रियंका श्रीवास्तव, आस्था पाण्डेय, सियाराम, बाबूराम वर्मा, त्रिवेणी यादव, साधना व लालताप्रसाद तथा विकास खण्ड के कर्मचारीगण एवं मीडियाकर्मी आदि उपस्थित थे।
