अम्बेडकरनगर : जिले में शहर से गांव तक भयंकर बिजली कटौती, लोगों में मची त्राहि-त्राहि

अम्बेडकरनगर : जिले में शहर से गांव तक भयंकर बिजली कटौती, लोगों में मची त्राहि-त्राहि

अम्बेडकरनगर।  गर्मी बढ़ने के साथ ही अंबेडकरनगर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की हो रही जबरदस्त कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। लो वोल्टेज और बार-बार हो रही ट्रिपिंग से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। आलम यह है कि बिजली विभाग द्वारा बनाए गए सारे शेड्यूल फेल हो गए हैं। ग्रामीण इलाकों में लो वोल्टेज के बीच 6 से 7 घंटे और शहरी इलाकों में 12 से 14 घंटे ही लोगों को बिजली मिल पा रही है।

बिजली विभाग शहरी क्षेत्रों में 22 से 24 घंटे जिला मुख्यालय पर 20 से 22 घंटे व तहसील मुख्यालय पर 18 घंटे बिजली देने का दावा करता है। इसके लिए बकायदा शेड्यूल बनाया गया है, लेकिन गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर हो या गांव हर जगह 8 से 10 घंटे तक बिजली की कटौती की जा रही है, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं।

महरुआ, जमुनीपुर बेवाना, भीटी, अकबरपुर सभी फीडरों पर बिजली की कटौती की जा रही है। कसेरुआ भिखारी पुर निवासी अजित ने बताया, बढ़ती गर्मी से उपभोक्ता परेशान हैं। रामपुर सकरवारी निवासी मोनू ने बताया, बेवाना फीडर की बिजली बहुत खराब है। कब आती है और कब जाती है, पता नहीं चलता है।

जिले भर में 32 बिजली उपकेंद्र के जरिए आपूर्ति होती है। इसमें अधिकतर उपकेंद्रों पर बिजली की कटौती की जा रही है। शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया जा रहा है, लेकिन ये दावे खोखले साबित हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत निगम की तरफ से साढ़े 17 घंटे बिजली आपूर्ति करने की बात कही जा रही है, लेकिन उपभोक्ताओं की मानें तो बिजली आने-जाने का कोई निर्धारित समय नहीं रह गया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में 6 से 7 घंटे तक ही बिजली मिल रही है। इसकी वजह से न तो लोगों को गर्मी से निजात मिल पा रही है और न ही लोगों के खेतों की सिंचाई हो पा रही है। इस बाबत अधीक्षण अभियंता अंबा प्रसाद वशिष्ठ ने बताया, थोड़ी बहुत समस्या है, लेकिन तय रोस्टर से बिजली देने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने