युवती के भाई से भी पूछताछ कर रही पुलिस
जौनपुर। एक युवती द्वारा तमंचे से फायरिंग करते हुये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कम्प मच गया। वायरल वीडियो सरपतहां थाना क्षेत्र का है। अवैध तमंचे से हर्ष फायरिंग करने वाली युवती की मुश्किलें बढ़ गयी हैं।
वायरल वीडियो में दिख रही युवती ने करीब 8 महीने पहले अपने भतीजे के जन्मदिन पर तमंचे से फायरिंग की थी। उस दौरान घर के सदस्यों से उसका वीडियो भी बनाया था जिसके बाद 8 महीने बाद वीडियो किसी तरह वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस अब युवती से पूछताछ कर रही है।
हालांकि युवती अब अपनी गलती की माफी मांगते हुए पुलिस से छोड़ने के लिए मिन्नतें कर रही है, क्योंकि इसी नवंबर में उसकी शादी होनी है। वहीं कई ट्विटर यूजर्स ने फायरिंग के वीडियो को ट्वीट करके यूपी पुलिस से कार्यवाही की मांग की है। सोशल मीडिया पर वायरल 6 सेकेंड के वीडियो ने युवती की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
इतना ही नहीं, ट्वीट में युवती की पहचान के साथ उसके परिवारिक पृष्ठभूमि का भी जिक्र किया गया। इसके बाद सरपतहां पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवती की पहचान होने पर उसके घर पहंचकर पकड़ लिया है। हालांकि पूछताछ के दौरान युवती से पुलिस को असलहे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस युवती के भाई से अवैध तमंचे के बारे में पूछताछ कर रही है।
युवती के खिलाफ सबूत मिलने पर आगे की जायेगी। वहीं जौनपुर में युवती द्वारा तमंचे से हर्ष फायरिंग करने के वायरल वीडियो के बारे में शाहगंज के क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवती द्वारा हर्ष फायरिंग करने का वीडियो वायरल हुआ है जो सरपतहां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। पुलिस द्वारा युवती से पूछताछ की जा रही है।
यह वीडियो करीब 8 महीने पुराना है। युवती ने अपने भतीजे के जन्मदिन पर फायरिंग की थी। हालांकि युवती असलहे के बारे में पुलिस को कुछ नहीं बता पायी है। फिलहाल पुलिस इस मामले में युवती के भाई से भी पूछताछ कर रही है। इस दौरान पुलिस अवैध असलहे की छानबीन में जुटी है। आगे जांच में जो भी सबूत संज्ञान में आयेंगे, उसके आधार पर ही कानूनी कार्यवाही की जायेगी।
