आज वाराणसी का मौसम काफी बदला-बदला नजर आ रहा है। रात से ही तेज ठंडी हवा पश्चिमी दिशा से पूरब की ओर बह रही है। इसकी स्पीड रह-रह कर 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो जा रही है। आज हल्के बादल भी छाए हैं। यह हवा बारिश की ओर इशारा कर रही है। मौसम विज्ञान विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी कर बताया है कि 4-5 दिन तक बरसात हो सकती है। वहीं, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि 25 जून से पहले बारिश नहीं हो सकती है। बारिश जैसी कोई कंडीशन वाराणसी में बन ही नहीं रही है। हवा में नमी महज 43% है। इतने में बरसात कहां से लाएंगे। प्री-मानसून अब आने से रहा। वहीं मानसून के लिए हमें 25 जून तक का इंतजार करना होगा। बता दें कि 15-19 जून तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बरसात गरज-चमक के साथ होगी।
वाराणसी में तीन दिनों से काफी तेज हवा चल रही है। सुबह-सुबह हवा तो ठंडी लगती है, मगर जैसे-जैसे सूरज देव ऊपर चढ़ते हैं, वैसे-वैसे हवा ब्लोअर की तरह से गर्म लग रही है। तीखी धूप संग गर्म हवा में शरीर पूरी तरह झुलसता जा रहा है। मंगलवार को वाराणसी का तापमान 45.3°C गया। यह पारा सामान्य से 6 ऊपर है। वहीं न्यूनतम तापमान 31°C तक पहुंचा। यह भी सामान्य तापमान से 3°C ज्यादा ही है। वाराणसी बीते चार दिन से पूरी तरह से हीट वेव की चपेट में है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुमानों के अनुसार हीट वेव की स्थिति आज समाप्त हो जाएगी। वाराणसी का तापमान आज भोर में 5.30 बजे 34°C, रात के ढाई बजे 35.2°C दर्ज किया गया। इससे पता चलता है कि अब दिन-रात दोनों भयानक गर्मी की चपेट में है।
वाराणसी की हवा में फिर से प्रदूषण बढ़ने लगा है। AQI यानी कि एयर क्वालिटी इंडेक्स 77 से 100 अंक पर आ गया है। AQI में 23 अंको की बढ़ोतरी हुई है। हवा फिर संतोषजनक से मॉडरेट के स्तर पर आ गई है।
आज वाराणसी का सबसे प्रदूषित इलाका भेलूपुर रहा। भेलूपुर में हवा की यह स्थिति एक सप्ताह से बनी हुई है। आज यहां का AQI 105 अंक दर्ज किया गया। दूसरे स्थान पर 96 अंक के साथ अर्दली बाजार रहा। वहीं मलदहिया और BHU का AQI आज ज्ञात नहीं किया जा सका।
.jpg)