रिपोर्ट:- सत्यम सिंह
अम्बेडकरनगर। हर घर तिरंगा का उद्देश्य आम लोगों के मन में राष्ट्रप्रेम के साथ ही राष्ट्र ध्वज तिरंगा का सम्मान करने की भावना को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिले के हर घर पर तिरंगा झंडा लगाने का अभियान चलेगा। इस अभियान के तहत प्रशासन द्वारा 2 लाख से ज्यादा घरों पर झंडा लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने ब्लॉक, नगर निकाय व विभागवार स्तर पर लक्ष्य का निर्धारण भी कर दिया है। साथ ही सभी को निर्देशित किया गया है कि तय लक्ष्य को पूरा करने के लिए अभियान चलाकर आम नागरिकों को राष्ट्र प्रेम के प्रति जागरूक कर स्वेच्छा से घर पर झंडा लगाने के लिए प्रेरित किया जाए।
देश इस बार अपना 75वीं स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इस बार स्वतंत्रता दिवस पर समूचे देश में जहां विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। वही इस बार हर घर तिरंगा फहराने का अभियान भी चलेगा। अभियान के तहत इस बार स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल, कॉलेजों, सरकारी संस्थानों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ ही हर घर में तिरंगा फहराया जाएगा।
हर घर झंडा अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन की तरफ से ब्लॉक नगर पालिका एवं नगर पंचायत को 2 लाख 6 हजार झंडा लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसमें अकबरपुर विकासखंड को 22 हजार, बसखारी को 14 हजार, भीटी को 13 हजार, भियांव को 15 हजार, कटेहरी को 12 हजार, जलालपुर को 21 हजार, जहांगीरगंज को 16 हजार, रामनगर को 16 हजार व टांडा को 21 हजार झंडे लगवाने का लक्ष्य दिया गया है। इसी प्रकार नगर पालिका अकबरपुर को 22,400, नगर पालिका परिषद जलालपुर को 6 हजार और नगरपालिका टांडा को 18500, नगर पंचायत इल्तिफातगंज को 2600, अशरफपुर किछौछा को 5500, जहांगीरगंज को 4 हजार व राजेसुल्तानपुर को 6 हजार तिरंगा लगवाने का लक्ष्य दिया गया है।इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के स्वंय सहायता समूहों को भी जुटाया गया है। इन समूहों द्वारा तैयार किया गया तिरंगा हर घर में फहराया जाएगा।
.jpg)