‘पैसों के लिए ये सब’, ललित-सुष के रिश्ते पर बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा की सख्त टिप्पणी

‘पैसों के लिए ये सब’, ललित-सुष के रिश्ते पर बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा की सख्त टिप्पणी

सुष्मिता सेन और ललित मोदी के रिश्ते ने हर किसी को हैरानी में डाल दिया है। कुछ दिनों पहले ही ललित मोदी ने ट्विटर पर कुछ तस्वीरें शेयर कर सुष्मिता सेन के साथ अपने रिश्ते को ऑफिशियल किया था। दोनों की रोमांटिक तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। आम इंसान ही नहीं बल्कि सेलेब्स भी दोनों के रिश्ते पर बोलने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं। वहीं, अब सुष्मिता और ललित के रिश्ते पर बांग्लादेशी मूल की लेखिका तसलीमा नसरीन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने सुष्मिता और ललित के रिश्ते पर सवाल उठाए हैं।

दरअसल, तसलीमा नसरीन ने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने सुष्मिता सेन से एक सवाल किया है। लेखिका ने अपने पोस्ट की शुरुआत सुष्मिता सेन की तारीफों से की। उन्होंने लिखा, 'मैं सुष्मिता से एक बार मिली हूं। हमारी मुलाकात कोलकाता एयरपोर्ट पर हुई थी। उन्होंने मुझे गले भी लगाया था और आई लव यू कहा था। उस दिन मैं उनकी खूबसूरती से नजर नहीं हटा पा रही थी। सुष्मिता काफी पॉपुलर हैं और मुझे वह पसंद भी हैं। उन्होंने छोटी उम्र में दो बेटियों को गोद लिया। उनकी सच्चाई, बहादुरी, सतर्कता, हर मुद्दे पर जागरुक रहना काफी पसंद है।'

इसके आगे तसलीमा नसरीन ने लिखा, 'अब सुष्मिता एक ऐसे इंसान के साथ समय गुजार रही हैं, जो बिल्कुल भी आकर्षक नहीं है और कई अपराधों से जुड़ा हुआ। क्योंकि आदमी अमीर है। क्या पैसों के लिए उन्होंने ये सब किया है? हो सकता है कि वह उस आदमी को प्यार करती हैं लेकिन यकीन नहीं होता कि सुष्मिता प्यार में हैं। जो लोग पैसों के लिए प्यार में गिर जाते हैं, उनके लिए मेरे मन में सम्मान बहुत जल्दी गिर जाता है।'

गौरतलब है कि ललित मोदी ने गुरुवार की शाम एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने अपनी और सुष्मिता की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं और इन तस्वीरों के कैप्शन में सुष्मिता सेन को अपना बेटरहाफ बताया था। इस पोस्ट के बाद ही कयास लगाए जाने लगे थे कि दोनों ने शादी कर ली है। हालांकि, इसके बाद ललित मोदी ने एक और ट्वीट किया, जिसमें कहा, 'साफ करना चाहता हूं कि अभी शादी नहीं हुई, सिर्फ एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। एक दिन शादी भी करेंगे।' सुष्मिता ने भी अपनी एक पोस्ट से साफ कर दिया है कि उन्होंने अब तक शादी या सगाई नहीं की है। वह अभी सिर्फ प्यार में हैं।

Post a Comment

और नया पुराने