इस मार्ग को देखकर गड्ढे में सड़क या सड़क में गड्ढा कहना मुश्किल
- कपिल देव विश्वकर्मा - 9519364890
अम्बेडकरनगर। सड़क में गड्ढा या गड्ढे में सड़क यह कहावत बरियावन बाजार से पट्टी चौराहा मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सड़क पर काफी अच्छा बैठता है। प्रदेश की सत्ता में आने के बाद योगी सरकार ने सड़कों की मरम्मत पर जोर देते हुए सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का दावा किया है लेकिन थोड़ी सी बारिश से योगी सरकार के गड्ढा मुक्त सड़क अभियान पर पानी फेर देता है।
फाइलों में तो सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त बना दिया लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। बता दे की बरियावन से पट्टी चौराहा मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सड़क कई सालों से पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही का दंश झेल रहा है और इस लापरवाही का दंश आम जनमानस भुगत रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक बरियावन से सम्मनपुर तक सड़क को बना कर छोड़ दिया गया और सम्मनपुर बाजार से बलुआ बहादुरपुर तक लगभग 3 किलोमीटर तक सड़क की ऐसी दुर्गति हो चुकी है कि उस पर पैदल चलना भी मुश्किल है थोड़ी सी बरसात होने पर ही वह गड्ढा युक्त सड़क तालाब में बदल जाता है जिससे आम जनमानस और आसपास के लोगों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहां के निवासी और राहगीरों ने बताया कि इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग यात्रा करते हैं।
अब यहां की सड़क गड्ढे में तब्दील हो गई है। सड़क पर उखड़ी बड़ी-बड़ी गिट्टियां राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी साल भर पहले ही इस सड़क की मरम्मत हुई थी, लेकिन काम इतना खराब था कि बनते ही सड़क टूट गई। यह सड़क सालों से जर्जर अवस्था में पड़ा हुआ है। इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।

