शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

अम्बेडकरनगर। अंबेडकरनगर के जलालपुर थाना इलाके के कुसुमखोर गांव में शराब की दुकान खोलने के खिलाफ बड़ी तादाद में महिलाओं ने कलेक्ट्रेट के निकट अम्बेडकर प्रतिमा के प्रांगड़ में धरना दिया और जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना है कि शराब की दुकान को बस्ती से हटाया जाए। शराब की दुकान को बस्ती से हटाए जाने के लिए महिलाओं ने जिलाधिकारी को सम्बोधित मांग पत्र सौंपा है।

जिले के जलालपुर थाना इलाके के कुसुमखोर गांव में स्थापित किए जा रहे शराब के नए ठेके का विरोध कर रही महिलाओं ने अपने शिकायती पत्र में शराब का ठेका स्थापित किये जाने का विरोध करते हुए ठेके को बस्ती से कहीं दूर स्थापित किए जाने की मांग की है। कुसुमखोर गांव की सैकड़ो महिलाओं ने कलेक्ट्रेट के निकट जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध जताया। कुसुमखोर निवासी ममता देवी ने बताया कि ग्राम कुसुमखोर में अधिकतर अनसूचित एवं पिछड़ी जाति के लोगो की आबादी है, जिनका मुख्य काम मजदूरी आदि का है। हम लोगों के घर के सामने और देवस्थल के बगल शराब का ठेका खुल जाने से हमारे परिवार के सदस्यों के नशे के शिकार होने की संभावना बढ़ेगी।ऐसे में इसका सीधा असर हमारे परिवार और गांव पर पड़ेगा।

ममता ने बताया कि शराब की दुकान के रास्ते पर विद्यालय भी पड़ता है। स्कूल आने जाने वाली छात्राओं को भी बहुत सी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। बहू बेटियों की इज्जत बचाना मुश्किल हो जाएगा। कंचना, कमलेश पुष्पावती आदि ने बताया कि इस संबंध में थानाध्यक्ष जैतपुर को प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन इस मामले में कोई सुनवाई नहीं हुई।

Post a Comment

और नया पुराने