अम्बेडकरनगर। एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने कड़ा रूख अख्तियार करते हुए कावड़ यात्रा में लापरवाही बरतने के आरोप में अहिरौली थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक और 4 सिपाहियों को ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया। एसपी ने सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिया है।
पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालो को किसी कीमत पर बख्शा नही जाएगा। उन्होंने कहाकि सावन का महीना है और कावड़ यात्रा चल रहा इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नही किया जाएगा। एसपी ने बताया कि आज देर शाम वह जनपद भ्रमण व सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत चेकिंग के अभियान में निकले थे। इस दौरान थाना अहिरौली इलाके के तिवारीपुर मोड़ पर कावड़ यात्रा सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी में लगे सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी से गायब थे।
जांच के दौरान दरोगा नासिर कुरैशी, आरक्षी अतुल यादव, आरक्षी सरना यादव, आरक्षी प्रधुम्न पाल, आरक्षी गौरव सिंह को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया है। एसपी ने बताया कि सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
