अकबरपुर का चर्चित लाइनमैन कीर्ति आजाद बना विभाग और उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द

अकबरपुर का चर्चित लाइनमैन कीर्ति आजाद बना विभाग और उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द

अकबरपुर बिजली महकमे के लाइनमैन के रवैये से क्षुब्ध उपभोक्ताओं ने बिजली अधिकारियों से की मांग

लाइनमैन कीर्ति आजाद को एलआईसी पोषक से हटाकर विद्युत वितरण खंड कार्यालय/बिजलीघर से संबंद्ध करने की मांग

बेलगाम लाइनमैन कीर्ति आजाद के रवैये से अवर अभियंता से लेकर अन्य अधिकारी/कर्मचारी परेशान


रिपोर्ट:- सत्यम सिंह

अंबेडकरनगर। अकबरपुर विद्युत विभाग में तैनात एक विभागीय लाइनमैन अपने गैर-जिम्मेदाराना रवैये से विद्युत उपभोक्ताओं के साथ महकमे के अधिकारियों के लिए सिरदर्द साबित हो रहा है। यह मनबढ़ लाइनमैन विभाग के अधिकारियों की बात नहीं सुनता है, परिणाम यह होता है कि इसके क्षेत्र में विद्युत व्यवधान एकाध घंटे नहीं, अपितु छह से बारह घंटे तक ठीक नहीं हो पाते हैं। इस मनबढ़ और दायित्वहीन लाइनमैन के संबंध विभाग के अधिकारियों और विद्युत उपकेंद्र के कर्मियों से अच्छे नहीं हैं। 

इसके बारे में बताया जाता है कि यह अपनी ड्युटी पर कम ही देखा जाता है। इस मनबढ़, दायित्वहीन लाइनमैन को जिला मुख्यालयी शहर अकबरपुर के अहम पोषक एलआईसी क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। यह लाइनमैन नित्य अपनी दायित्वहीनता से एलआईसी पोषक के विद्युत उपभोक्ताओं को रुलाता रहता है। इसका नाम कीर्ति आजाद बताया गया है। इसकी गैरहाजिरी की वजह से एलआईसी पोषक की बिजली आपूर्ति बाधा और अन्य गड़बड़ियां समय पर नहीं दूर की जातीं हैं। परिणाम यह होता है कि नगर के उपभोक्ता बिजली सप्लाई बहाल होने के इंतजार में घंटों बीता रहें हैं।

 इस लाइनमैन के बारे में बिजली विभाग के कर्मियों द्वारा बताया जाता है कि इसका एक रिश्तेदार महकमे में उच्च पद पर है, यही कारण है कि यह मनमानी करता है, अपनी ड्यूटी से गैर-हाजिर रहता है। इसके गैर जिम्मेदाराना रवैये से विभाग के उच्चाधिकारी भी आजिज आ गए हैं। बावजूद इन सबके, ये लोग कीर्ति आजाद के खिलाफ कोई कार्रवाई करने से कतराते हैं। कीर्ति आजाद नशे का आदी और खाने-पीने का शौकीन बताया गया है। यह मनबढ़ और बड़बोला लाइनमैन है। यह बिजलीघर अकबरपुर के किसी भी एसएसओ और अवर अभियंता को अहमियत नहीं देता है। कीर्ति आजाद यदि अकबरपुर में कथित रुप से ड्यूटी पर आता है तो शाम पांच बजे के बाद यह विद्युत उपकेंद्र और क्षेत्र में दिखाई ही नहीं पड़ता है।

 बताया गया है कि इसने विद्युत उपकेंद्र के सभी एसएसओ को मना कर रखा है कि दिन डूबने के बाद उसे कतई डिस्टर्ब न किया जाये, चाहे विद्युत उपकेंद्र जल जाये। एलआईसी फीडर क्षेत्र में रहने वाले विद्युत उपभोक्ता बिजली बगैर मर जायें, पूरा इलाका जल जाए, उसका इन सब से कोई लेना-देना नहीं है। जिसको विद्युत उपभोक्ताओं से हमदर्दी हो, वह क्षेत्र के लोकल फॉल्ट अन्य लाइनमैन से ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराये, और उसे डिस्टर्ब न किया जाये। 

बिजलीघर के एसएसओ ऑन ड्यूटी का कहना है कि बगैर विभागीय लाइनमैन के शहर अथवा अन्य इलाके में आई फॉल्ट को ठीक करने के लिये शट डाउन लिया ही नहीं जाता है, लाइनमैन कीर्ति आजाद की गैरहाजिरी में ऐसा प्रायः होता है, जब एलआईसी क्षेत्र में गड़बड़ी आती है। विभागीय लाइनमैन के बगैर बिजलीघर से संबंधित पोषक की लाइनबंदी के लिए शटडाउन लेना नियम विरुद्ध है। ऐसे में, कीर्ति आजाद जैसा बहुचर्चित, मनबढ़, दबंग लाइनमैन उन सब के लिये भी सिरदर्द साबित हो रहा है। 

खाने-पीने का शौकीन लाइनमैन कीर्ति आजाद बिजली विभाग का कर्मचारी है। यह कभी भी बिजली के खंभे व तार को नहीं छूता है। इसके लिए उसने संविदा पर लाइनमैन और प्राइवेट युवा बिजली मिस्त्रीयों का सहयोग लेता है। उन्हें खिला-पिलाकर खुश रखता है। ऐसा है कीर्ति आजाद नामक लाइनमैन जो बेखौफ होकर दायित्वहीन बना हुआ है। 

ताजा मामला बीती रात 2/3 अगस्त 2022 को एलआईसी पोषक की विद्युत आपूर्ति रात्रि/सुबह 3 बजकर 50 मिनट पर ठप हो गई। उपभोक्ताओं ने चिल्ल-पों करना शुरु किया, पांच घंटे उपरांत सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर बिजली बहाल हो पाई। जेई सतीश कुमार चंद्रवंशी ने विद्युत व्यवधान के बारे में पूछने पर बताया कि एलआईसी फीडर क्षेत्र में आने वाले कनक हॉस्पिटल के पास केबिल फॉल्ट थी, जिसे ठीक कराया गया। बिजली घर अकबरपुर में एसएसओ पद पर तैनात रामजी वर्मा, जो 2/3 अगस्त की रात्रि ड्युटी में थे,  उन्होनें बताया कि फॉल्ट की सूचना हमने जे0ई0 सतीश कुमार चंद्रवंशी को साढ़े पांच बजे दिया था और एलआईसी की सप्लाई सात बजे शटडाउन लेकर बंद किया था। सुबह 8 बजे के बाद कीर्ति आजाद विभागीय लाइनमैन के शटडाउन पर संविदा लाइनमैन दान बहादुर सिंह ने मौके पर जाकर केबिल फॉल्ट ठीक किया था। यह कार्य बमुश्किल पंद्रह मिनट से लेकर आधे घंटे का था, लेकिन कीर्ति आजाद के चलते एलआईसी क्षेत्र के लोग पांच घंटे बिजली से महरुम रहे। उनकी प्रातःकालीन दिनचर्या प्रभावित रही। 

चर्चित लाइनमैन कीर्ति आजाद के बारे में बताया गया है कि यह विद्युत उपभोक्ताओं के साथ भी बदसलूकी करता है, जो उपभोक्ता इसको खिला-पिलाकर खुश करते हैं, उस क्षेत्र के विद्युत पोल और लाइन को यह प्राथमिकता के आधार पर अपने चेले-चपाड़ो से उनकी गड़बड़ियां दूर करा देता है। बताया गया है कि अकबरपुर बिजली महकमे से प्रतिमाह विभागीय वेतन लेने वाला लाइनमैन कीर्ति आजाद की ऊपरी कमाई बहुत अच्छी है। आम उपभोक्ता से लेकर अकबरपुर बिजली विभाग के कर्मचारियों/अधिकारियों के लिए यह चर्चित लाइनमैन सिरदर्द साबित हो रहा है। 

अब अकबरपुर शहर के एलआईसी पोषक क्षेत्र में रहने वाले विद्युत उपभोक्ताओं को लाइनमैन कीर्ति आजाद की अवाछंनीय गतिविधियां नागवार लगने लगी हैं। नगर के एलआईसी पोषक क्षेत्र के लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग किया है कि कीर्ति आजाद को इस क्षेत्र से हटाकर अन्यत्र भेजा जाये। बेहतर यह होगा कि इस लाइनमैन को किसी भी पोषक क्षेत्र के निगहबानी न देकर विभागीय कार्यालय से संबंद्ध कर अन्य कार्य लिया जाये। इस समय विद्युत वितरण खंड में अधिशाषी अभियंता स्थायी तौर पर अपने विभागीय चैंबर में नहीं बैठ रहें हैं। यही कारण है कि विभाग का लाइन स्टॉफ बेलगाम हो गया है और कीर्ति आजाद जैसे लाइनमैन लोगों के लिए पीड़ादायक साबित हो रहें हैं।  


Post a Comment

और नया पुराने