आम आदमी पार्टी ने शनिवार को गुजरात चुनाव से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में कीचड़ में फंसे भाजपा का प्रचार कर रहे एक वाहन को कांग्रेस की प्रचार गाड़ी द्वारा खींचकर बाहर निकालते देखा जा सकता है।
गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला है जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, इस वीडियो में दिखाया गया है कि कीचड़ में फंसी भाजपा की प्रचार गाड़ी को खींचने के लिए कांग्रेस के प्रचार वाहन का सहारा लिया जा रहा है। वहीं इस वीडियो को लेकर अब राजनीति भी तेज हो गई है। आम-आदमी पार्टी ने इस वीडियो को साझा कर कांग्रेस और भाजपा की नजदीकियों को लेकर निशाना साधा है।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि गुजरात में भाजपा की फंसी हुई चुनावी गाड़ी को बचाने के लिए कांग्रेस जी-तोड़ कोशिश कर रही है। आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर वीडियो शेयर किया और इसके कैप्शन में लिखा, गुजरात में भाजपा की अटकी हुई चुनावी गाड़ी को बचाने में पूरा जोर लगाती कांग्रेस.. ये है चुनावों में भाजपा और कांग्रेस के ILU-ILU की कहानी।
.jpg)