- नीतीश ने कांग्रेस को बताया मोदी को हराने का 'महामंत्र'
मुख्यमंत्री नीतीश ने CPI-M के 11वें जनरल कन्वेंशन में कहा कि, हम इंतज़ार कर रहे हैं बस आप लोग (कांग्रेस) जल्द एकजुट होने का फैसला लें।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों अपने अलग-अलग बयानों को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं. पहले 'हिंदू राष्ट्र' को लेकर और अब विपक्ष को एकजुट करने को लेकर उनके बयान ने बीजेपी की चिंता बढ़ा दी है. मुख्यमंत्री नीतीश ने आज CPI-M के 11वें जनरल कन्वेंशन में कहा कि, हम इंतज़ार कर रहे हैं बस आप लोग (कांग्रेस) जल्दी फैसला लें। अगर मेरा सुझाव मानें और सब साथ मिलकर लड़ें तो ये (भाजपा) 100 से नीचे जाएंगे, लेकिन अगर मेरा सुझाव नहीं मानेंगे तो क्या होगा वो आप जानिए।
दरअसल, पटना में आयोजित CPI-M के 11वें जनरल कन्वेंशन में नीतीश कुमार ने कहा कि, भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब समय आ गया है कि कांग्रेस को आगे आना चाहिए. साथ ही बिना किसी देरी के विपक्ष को भी एकजुट हो जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने पीएम पद की दावेदारी को लेकर कहा कि, हम सिर्फ बदलाव चाहते हैं। नेतृत्व को लेकर मेरी कोई व्यक्तिगत इच्छा नहीं है।
उन्होंने कहा कि, जब उनकी पार्टी एनडीए से अलग हुई तो इस फैसला का सभी विपक्षी दल के नेताओं ने स्वागत किया था। अगर इसी तरह 2024 के चुनाव से पहले विपक्षी दल एकजुट हो जाते हैं, तो बीजेपी का सफाया होना तय है। उन्होने कहा कि, इस बदलाव के लिए सभी धर्म और जाति के लोगों को साथ लेकर चलना होगा। नीतीश ने कांग्रेस को कहा कि, जल्द से जल्द हम लोगों को बुलाकर बात कर लीजिए.
.jpg)