- सत्यम सिंह (9369424759)
अंबेडकरनगर। जिले के भीटी थाना क्षेत्र में 48 वर्षीय व्यक्ति का संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे शव मिलने से सनसनी फैली हुई है। इसको लेकर थाना क्षेत्र के तमाम गांव के लोगों द्वारा तरह.तरह की बातें की जा रहीं है।
बता दें कि भीटी थाना क्षेत्र के चिउटीपारा गांव निवासी प्रहलाद सिंह (48) का शव थाना क्षेत्र के इटवा ग्रामसभा के मजरे तेजापुर से सटे ईंट भट्ठे के पास संदिग्ध परिस्थितियों में 14/15 फरवरी की रात सड़क के किनारे मिला था। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अपने पिता का शव मिलने पर पुत्र ने भीटी थाने में तैनात सिपाही प्रत्युष कुमार सिंह के ऊपर हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक प्रहलाद सिंह के पुत्र राज सिंह ने बताया कि 14 फरवरी की शाम उसके पिता प्रहलाद सिंह भीटी बाजार स्थित शराब की दुकान पर शराब पी रहे थे। उनके साथ भीटी थाना में तैनात सिपाही प्रत्यूष सिंह थे। रात घर वापसी में विलंब होने से परिवारीजन चिंतित हो गए। उसने सिपाही प्रत्युष सिंह के मोबाईल पर रात 10 बजे के बाद फोन कर जानकारी लिया।
प्रत्युष सिंह ने उसे बताया कि तुम्हारे पिता प्रहलाद सिंह ने शराब का सेवन अधिक कर लिया है और अपना मोबाइल भी तोड़ दिया है। राज सिंह ने बताया कि इतनी दूरभाषीय वार्ता के उपरांत वह लोग चिंतित हो गए और प्रहलाद सिंह की खोज में घर से भीटी बाजार पहुंचे। खोज-बीन उपरांत राज सिंह और उसके परिजनों को प्रहलाद सिंह का शव मिला।
मृतक प्रहलाद सिंह की पत्नी मंजू सिंह ने लिखित रूप से पुलिस अधिकारियों से शिकायत किया कि उसके पति मृतक प्रहलाद सिंह की हत्या भीटी थाना के सिपाही प्रत्यूष सिंह ने किया। भीटी पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, परिवार वालों की तरफ से लिखित शिकायत थानाध्यक्ष भीटी और सीओ भीटी को दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक संजय राय ने इस बाबत पूछने पर बताया कि अभी हमें प्रार्थना पत्र नहीं मिला है , तहरीर मिलने पर जांचोपरांत उचित कार्यवाही की जाएगी।

