- सत्यम सिंह
अंबेडकरनगर। रंगोत्सव होली त्योहार के दृष्टिगत सड़क परिवहन विभाग ने 3 मार्च से 12 मार्च तक 24 घंटे लगातार रोडवेज की बसों का संचालन सुनिश्चित किया है। इससे यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी। यह दावा किया गया है कि अकबरपुर परिवहन डिपो की सभी 50 बसें 24 घंटे तक अनवरत सड़कों पर दौड़ेगीं। यह व्यवस्था 03 मार्च से 12 मार्च तक लागू रहेगी। अकबरपुर परिवहन निगम में तैनात सभी 120 चालकों को ड्यूटी चार्ट उपलब्ध करा दिया गया है।
24 घंटे लगातार बसों के संचालन से दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, आजमगढ़ व बलिया आदि जगहों तक जाने के लिए अब बसों का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। होली के त्योहार के सप्ताह भर पहले से ही लोगों का आवागमन बढ़ जाता है। इससे दूर दराज से आने वाले यात्रियों को कोई दिक्कत न हो। इसके लिए अकबरपुर डिपो प्रशासन ने यात्री हित में बड़ा फैसला किया है।
डिपो की सभी 50 बसें अब 3 मार्च से 12 मार्च तक 24 घंटे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाएंगी। सामान्य दिनों में दिल्ली के लिए अकबरपुर डिपो से चार बसों का संचालन होता है। अब नई व्यवस्था के तहत छह बसें यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना होंगी। ये सभी 12 बसें 12 मार्च तक लगातार आती-जाती रहेंगी।इसी तरह कानपुर, आजमगढ़, बलिया व लखनऊ के लिए भी जो बसें संचालित होंगी, वे भी कहीं हाल्ट नहीं करेंगी।
ऐसे में यात्रियों को गंतव्य तक जाने के लिए बसों का लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मीडिया के अनुसार, बसों के संचालन को देखते हुए अकबरपुर डिपो प्रशासन ने सभी चालकों के अवकाश रद्द करते हुए उन्हें होली पर विशेष सेवा देने का निर्देश दिया है।
.jpg)