अंबेडकरनगर: होली पर मिलावटी मिठाइयों की भरमार, कौन बचाएगा ऐसे मिलावटखोरों से

अंबेडकरनगर: होली पर मिलावटी मिठाइयों की भरमार, कौन बचाएगा ऐसे मिलावटखोरों से

खाद्य सुरक्षा विभाग का अभी तक पता नहीं


- सत्यम सिंह


अम्बेडकरनगर। मार्च का महीना शुरु हो गया है। सप्ताह के अंत में रंगोत्सव होली का त्योहार मनेगा। पर्व के दृष्टिगत लोगों ने तैयारियां शुरु कर दीं हैं, इसी के साथ शहर, कस्बे और गंवई बाजार भी सज गए हैं। होली त्योहार के अवसर पर प्रयोग की जाने वाली मिठाइयों से दुकानें सज गईं हैं। इसी के साथ मिलावट खोर भी सक्रिय हो गए हैं। मैदा, घी, तेल, मेवा, खोया, गुझिया और तरह-तरह की नमकीन और रंगबिरंगे पापड़-चिप्स की दुकानें सज गई हैं। जो लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। इनकी चमक-दमक के बीच बड़े पैमाने पर इसमें मिलावट भी की जाती है। नकली खोया और केमिकल रंगों से रंगे पापड़ ही नहीं घी, तेल, मैदा, मेवा मिलावटी और घटिया बिक जाता है। 


मिलावट के कारोबारी होली के त्योहार पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने को तैयार हैं। वहीं होली के लिए बाजार तो सज चुके हैं, मगर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से अभी जांच अभियान शुरू नहीं किया गया है। कई कारोबारी मिलावटी और नकली खोया की खेप और सिंथेटिक दूध का स्टॉक करने में जुटे हुए हैं। त्योहारों के मौके पर बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री कर कारोबारी खुद का हित साधने में जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ करते हैं। बाजार में मिलावटी खोया विशेष रूप से कानपुर से रोडवेज की बसों से मंगाते हैं। 




 मिलावटी खोया और उससे बनी गुझिया सेहत के लिए हानिकारक: डॉ आशुतोष शुक्ला


जिले के प्रख्यात चिकित्सक डॉ आशुतोष शुक्ला(एम0डी0) ने इस बाबत बताया कि मिलावटी, खोया, सिंथेटिक दूध और या अन्य कोई भी मिलावटी खाद्य पदार्थ सेहत के लिए नुकसानदेय होते हैं। नकली दूध से बना खोया और उससे बनी गुझिया आदि सेहत के लिए हानिकारक होती है। नकली व मिलावट वाले सामान खाने से पेट में दर्द, उल्टी, मरोड़ होता है। लंबे समय तक मिलावटी दूध और खोया के सेवन से पेट में अल्सर या कैंसर का भी खतरा होता है।

Post a Comment

और नया पुराने