- सत्यम सिंह(9369424759)
अम्बेडकरनगर। सावन का महीना.... जिले के शहर और गांवों में आया सावन झूम के.... के साथ कावंड़ यात्रियों के मुंह से निकली हर हर बम बम के जयकारे की बुलंद होती आवाज। हिंदू आस्था के स्थलों पर हर सोमवार महाकाल के लिंग पर रुद्राभिषेक करते श्रद्धालुजन। स्त्री-पुरुष, बुढे-बच्चे हर हिंदू के शरीर में नई स्फूर्ति का संचार देखने को मिल रहा है। जिले का हिंदू आस्थावान शिवालयों में शिव-शंकर का नमन कर अपनी आस्था व श्रद्धा से अभिषेक करता देखा जा रहा है। दिन हो रात्रि, सावन के इस पक्ष में पूरा जिला शिव-शंभूमय हो गया है।
आम आदमी हो या सरकारी मुलाजिम... हिंदू है तो शिव शंकर के मंदिर में जलाभिषेक करने की चाहत लिए हुए हर्षोल्लास के साथ शिवालयों के द्वार पर पंक्तिबद्ध हो जाता है। इस समय जिले के प्रशासन और पुलिस महकमा के लोग भी आस्थावान श्रद्धावनत होकर शिवालयों की चौखट पर भगवान महादेव के सामने लोक-कल्याणार्थ सिर झुकाते नजर आ रहे हैं।
कहा जाता है कि भगवान शिव सर्व कल्याणकारी देवता के रूप में परम पूजनीय हैं। भगवान शिव का रुद्राभिषेक करने से मनोवांछित फलों की प्राप्ति होती है। साथ ही ग्रह दोष और रोगों से भी मुक्ति मिलती है।
अकबरपुर कोतवाली परिसर स्थित शिव मंदिर में इस सावन के महीने में घंटा-घड़ियालों की आवाजों से पूरा इलाका भक्तिमय हो चला है। इसी क्रम में सावन के तीसरे सोमवार जैसे महत्वपूर्ण दिवस पर्व पर जनपद मुख्यालय के अकबरपुर कोतवाली प्रभारी ने विधि-विधान से भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की। निरीक्षक संजय कुमार पांडेय (प्रभारी थाना कोतवाली अकबरपुर) ने कोतवाली परिसर स्थित श्री शिव मंदिर में स्नान-ध्यान उपरांत पहुंचकर महाकाल के लिंग पर रुद्राभिषेक किया।
