अम्बेडकरनगर। लोकसभा चुनाव अगले साल होगा। 2024 के चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इसी के चलते स्थानीय लोकसभा सीट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लखनऊ में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से रविवार को उनके आवास पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा ने मुलाकात कर जिले के विकास पर चर्चा की। इसमें उन्होंने सीएम के साथ अलग-अलग विकास कार्यों की जरूरत पर बल दिया।
मुलाकात में जनपद के विभिन्न जनहित के विषयों पर चर्चा हुई। मेडिकल कालेज में ट्रामा सेंटर का संचालन कराने, किसानों और गरीब बिजली उपभोक्ताओं को बकाया बिल में छूट देने, महादेवा घाट का सुंदरीकरण एवं इलेक्ट्रॉनिक शवदाह गृह का निर्माण, किसानों के लिए वेयरहाउस का निर्माण सहित शिक्षा, खेल एवं परिवहन सहित तमाम बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने की मांग जिला पंचायत अध्यक्ष साधु वर्मा ने की।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मांगों को प्राथमिकता से पूरा करने का आश्वासन दिया है। इस मुलाकात के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। उन्हें उम्मीद है कि अब क्षेत्र के विकास के सभी अड़चने दूर हो जाएंगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष साधु वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन सभी मांगों को लेकर विधिवत प्रस्ताव भेजने को कहा है। इसके बाद सभी कार्यों को क्रमवार मंजूरी मिल जाएगी।
.jpg)