- सत्यम सिंह (9369424759)
अम्बेडकरनगर। विकास कार्यों को लेकर चल रहे प्रभावी कार्यक्रमों के चलते जिले को पूरे प्रदेश में जारी हुई नवीनतम रैंकिंग में विकास में तीसरा स्थान मिला है। कानून व्यवस्था में जिले को 13वां स्थान मिला है जबकि विकास व कानून व्यवस्था को मिलाकर जनपद संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर है। डीएम अविनाश सिंह ने इसे टीम वर्क बताते हुए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी है। कहा कि इस उपलब्धि को बनाए रखते हुए आगे और बेहतर परिणाम देना है।
पिछले कुछ समय से विकास कार्यों को लेकर किए जा रहे प्रयासों का असर देखने को मिला है। डीएम अविनाश सिंह की देखरेख में अलग-अलग विभागों में इन दिनों तेजी से विकास कार्य चल रहे हैं। पात्रों को योजनाओं का समुचित लाभ पहुंचाने से लेकर विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। इसका असर यह है कि विभिन्न विभागों से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी बेहतर परिणाम देने के लिए तत्परता से काम कर रहे हैं। इन सबके बीच मंगलवार को शासन से जारी हुई रैंकिंग सूची में विकास कार्यों को लेकर जिले को प्रदेश में तीसरा स्थान मिला है।
डीएम ने यह जानकारी साझा करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। कहा कि हम जब अपनी पूरी ऊर्जा के साथ काम करते हैं तो निश्चितरूप से उसके परिणाम सुखद होते हैं। ऐसे में सभी को आगे भी पूरी तत्परता के साथ काम करते रहना होगा। यह ध्यान सभी को रखना है कि समयबद्ध ढंग से कार्यों को निपटाते हुए उसकी गुणवत्ता बनाए रखना है। साथ ही प्रत्येक पात्र तक प्राथमिकता के साथ योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
