- सत्यम सिंह (9369424759)
अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र भीटी के डिहवा गांव में एक किसान द्वारा मंगलवार को खेत की खोदाई के दौरान भगवान विष्णु की प्राचीनकालीन मूर्ति मिली। इससे वहां दर्शन पूजन के लिए लोगों के पहुंचने का दौर शुरू हो गया। जानकारी मिलने पर भीटी थाने की पुलिस टीम भी गांव गई।
पता चला कि गांव निवासी वंशराज वर्मा मंगलवार दिन में जेसीबी से अपने खेत का समतलीकरण करा रहे थे, इसी दौरान वहां खोदाई के दौरान पत्थर की एक मूर्ति निकली। खोदाई रोक दी गई। देखा गया तो वह प्राचीनकाल की भगवान विष्णु से जुड़ी पत्थर की मूर्ति थी। इसके बाद ग्रामीणों ने मूर्ति की साफ- सफाई कर पूजन-अर्चन शुरू कर दिया।
थाना प्रभारी भीटी ने बताया कि किसी किले या प्राचीन इमारत की दीवारों पर नक्काशी के दौरान बनाई जाने वाली आकृति प्रतीत हो रही है। पत्थर की इस आकृति को धार्मिक रूप दिया गया था। प्रकरण से पुरातत्व विभाग को अवगत कराया जा रहा है।
