अंबेडकरनगर।तहसील टांडा के बाढ़ प्रभावित गांवों माझा अवसानपुर, माझा करमपुर बरसावां और माझा नैपुरा के 250 परिवारों को बाढ़ राहत किट का वितरण किया गया। यह वितरण शिविर अवसानपुर टांडा में आयोजित किया गया, जहां एमएलसी डॉक्टर हरिओम पांडे और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्वयं राहत सामग्री वितरित की।
तहसील टांडा के उप जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावितों को जो राहत किट प्रदान की गई है, उसमें लाई, भुना चना, गुड़, बिस्किट, नहाने का साबुन, माचिस, मोमबत्ती, तिरपाल, आटा, चावल, दाल, आलू, हल्दी, मिर्चा पाउडर, सब्जी मसाला, सरसों का तेल और नमक जैसी जरूरी सामग्रियां उच्च गुणवत्ता के साथ दी गई हैं। इसके अलावा, कम्युनिटी किचन के माध्यम से प्रभावित ग्रामीणों को पका हुआ उच्च गुणवत्ता युक्त भोजन भी मुहैया कराया जा रहा है।
बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए त्वरित राहत कार्य चलाया जा रहा है। बीडीओ टांडा राघवेंद्र सिंह ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए विशेष कदम उठाए हैं। बाढ़ प्रभावित गांवों में नाव की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर निकाला जा रहा है। अब तक कुछ लोगों को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया है, जबकि बाकी लोगों को निकालने का काम जारी है। कल देर रात बाढ़ में फंसे लोगों के लिए बीडीओ ने लंच पैकेट भेजवाए और अवसानपुर में उनकी अस्थायी निवास व्यवस्था की गई।
बीडीओ राघवेंद्र सिंह ने बाढ़ पीड़ितों के लिए आवश्यक राहत सामग्री और सेवाएं सुनिश्चित की हैं। उन्होंने अवसानपुर में बाढ़ पीड़ितों के ठहरने और खाने-पीने के लिए टेंट, रजाई, गद्दे और भोजन की व्यवस्था की है। राहत कार्य के तहत बाढ़ पीड़ितों को लंच पैकेट भी वितरित किए गए हैं, ताकि उनकी तत्काल आवश्यकताएं पूरी की जा सकें।
इस अवसर पर एमएलसी डॉक्टर हरिओम पांडे और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बाढ़ पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त की और आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार बाढ़ प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति को सभी आवश्यक सुविधाएं तुरंत और आसानी से प्रदान की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों में समय-समय पर मेडिकल कैंप लगाए जा रहे हैं ताकि लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण हो सके। साथ ही, साफ-सफाई के बेहतर इंतजाम के साथ नियमित एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
राहत कार्यों की निगरानी और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए बीडीओ और उनकी टीम दिन-रात काम कर रही है। बाढ़ के कारण प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सरकार और प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
बाढ़ के दौरान उत्पन्न होने वाली वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए भी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, पशुओं के स्वास्थ्य और उनकी देखभाल को लेकर भी विशेष व्यवस्था की जा रही है, जिसमें पशुओं का नियमित टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि बाढ़ से प्रभावित फसलों के नुकसान का सर्वे तेजी से किया जा रहा है, और जल्द ही किसानों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बाढ़ पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार हर संभव मदद पहुंचा रही है और किसी भी प्रकार की असुविधा को दूर करने के लिए तत्पर है।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, उप जिलाधिकारी न्यायिक टांडा, बीडीओ राघवेंद्र सिंह, जेबीडीओ अनिल राय और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
