अंबेडकरनगर। सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता पर मुकदमे में समझौता करने के लिए दबाव डालने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) के आदेश पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
घटना जुलाई 2023 की है, जब मऊ जनपद की एक युवती अपने परिजनों के साथ किछौछा दरगाह जियारत के लिए आई थी। परिजनों के अनुसार, युवती कर्बला मैदान स्थित जलाली बाबा के मजार पर हाजिरी लगाने के बाद पास के हैंडपंप पर पानी पीने गई थी। तभी वहां तीन युवक पहुंचे और युवती का मुंह दबाकर उसे उठा ले गए। तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
इसके बाद पीड़िता ने अफसर अली और अजहर, निवासी पूरबजगोती, समेत एक अन्य के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और धमकी का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
हालांकि, अब पीड़िता का आरोप है कि जेल से छूटने के बाद दोनों आरोपी उस पर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। समझौता न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। प्रभारी निरीक्षक संत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
