रैली निकालकर जैविक खेती अपनाने का संदेश देने के साथ गांव में किया पौधरोपण
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के अकबरपुर में बीएनकेबी पीजी कॉलेज के एनएसएस कैडेट्स ने जागरूकता अभियान चलाया। कैडेट्स ने जैविक कृषि एवं पर्यावरण के संदर्भ में ग्रामीणों को जागरूक किया। साथ ही महाविद्यालय परिसर से ऊंचे गांव तक रैली निकाली।
गांव में जनसंपर्क कर लोगों को जैविक कृषि के महत्व को बताया। कैडेट्स और कार्यक्रम अधिकारी ने ऊंचे गांव के सभासद के साथ मिलकर पौधरोपण भी किया। वहीं, महाविद्यालय के पीजी हाल सभागार में जैविक कृषि एवं पर्यावरण विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई।
संगोष्ठी में शिविरार्थी छात्र-छात्राओं द्वारा अपने विचारों को सुसंगत रूप में प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर हिंदी के विभागाध्यक्ष डॉक्टर सत्य प्रकाश त्रिपाठी, समाजशास्त्र के डॉ. अनिल कुमार, बीएड विभाग के डॉ. मनोज श्रीवास्तव व डॉ. सुरेंद्र सिंह तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी आलोक तिवारी व महाविद्यालय परिवार के अन्य शैक्षिक व गैर शैक्षिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिक्षकों ने युवाओं से आह्वान किया कि वह जैविक कृषि को अपनाकर न केवल मिट्टी की उर्वरता को बढ़ाएं बल्कि वातावरण को भी प्रदूषित होने से बचाएं। अपने परिवेश के ग्रामीण कृषकों को भी जैविक कृषि के लिए जागरूक करें।
