![]() |
| जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार |
पांच कि0ग्रा0 प्रति यूनिट निःशुल्क चावल होगा वितरित: राकेश कुमार
- सत्यम सिंह
अंबेडकरनगर। प्रकाश पर्व दीपावली के पहले जिले के अंत्योदय राशन कार्डधारकों को नियंत्रित दर पर चीनी का लाभ मिलेगा। इसके लिए 18 रुपए प्रति किलोग्राम का मूल्य देना होगा। आर्थिक रुप से कमजोर लोगों को अंत्योदय योजना के तहत राशन के साथ-साथ एक किलोग्राम चीनी उपलब्ध कराई जाएगी। दीपावली पर्व से पहले अंत्योदय राशन कार्डधारकों के लिए चीनी जिले के सभी उचित दर विक्रेताओं की दुकानों पर पहुंच गई है।
उक्त जानकारी देते हुए डीएसओ राकेश कुमार ने बताया कि जुलाई, अगस्त व सिंतबर की कुल तीन किलोग्राम प्रति अंत्योदय राशन कार्डधारक को चीनी का वितरण कोटे से किया जाएगा, जिसका मूल्य उपभोक्ता को 18 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से देना होगा। डीएसओ ने कहा कि अब तक लाभार्थियों को चीनी राशन के साथ निःशुल्क मिलती थी। परंतु, इस बार वितरित की जाने वाली चीनी का भुगतान करना होगा।
उनके अनुसार, इस बार अक्टूबर के द्वितीय चरण में वितरित किये जाने वाले राशन के साथ तीन किलोग्राम चीनी, जिसका मूल्य 54 रुपए होगा, अंत्योदय राशन कार्डधारकों को भुगतान करना होगा। डीएसओ राकेश कुमार के अनुसार, 20 अक्टूबर से कोटे पर चीनी का वितरण किया जाएगा। इस बाबत संबंधित कोटेदारों को निर्देश दिए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने कहा है कि उक्त व्यवस्था जनपद में प्रचलित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम - 2013 के अंतर्गत अंत्योदय राशन कार्डधारकों को दी गई है।
डीएसओ ने कहा है कि यदि किसी विक्रेता द्वारा उपरोक्तानुसार खाद्यान्न/ चीनी का वितरण नहीं किया जाता है तो इसकी शिकायत संबंधित उपजिलाधकारी व उनको (डीएसओ) को की जा सकती है।
