गोरखपुर में एक बुजुर्ग महिला की कुदाल से काटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद दोनों आरोपी खुद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिए। आरोपी नाती ने पुलिस से कहा मुझे गिरफ्तार कर लो। महिला की हत्या करने वाले कोई और नहीं बल्कि महिला के ही दो नाती हैं। जिन्होंने जमीन में हिस्सेदारी को लेकर अपनी ही दादी चंद्रावती (55) को मार डाला।
घटना गगहा इलाके के सिघला गांव में गुरुवार सुबह की है। सूचना पर गांव में पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सिंघला गांव की रहने वाली महिला चंद्रावती (55) के पति स्व. पलकधारी यादव की 5 साल पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपने परिवार के साथ न रहकर बेटी के घर रहती थीं। दरअसल चंद्रावती के पति पलकधारी की मौत के बाद उनकी प्रापर्टी का आधा हिस्सा उनकी पत्नी चन्द्रावती और आधा हिस्सा बेटे रामकरन यादव के नाम से चढ़ गया था।
शुरूआती जांच में सामने आया है कि इस बीच उन्होंने अपनी 40 डिसमिल जमीन बिना किसी की जानकारी के बेच दी थी। आधी जमीन महिला के नाम शेष थी। आरोपियों को शक था कि महिला बाकी बची जमीन भी भी बेच देगी। इस बात को लेकर महिला का उसके बेटे राम करन यादव या दोनों पौत्र राकेश यादव और मुकेश यादव से आए दिन विवाद होता था।
इसी आशंका में महिला के दोनों पौत्र राकेश यादव और मुकेश यादव ने गुरुवार को दादी चंद्रावती की कुदाल से काटकर हत्या कर दिया। जब पुलिस गांव में पहुंची तो महिला का शव खेत मे खून से लथपथ मिला है। SSP डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया, शुरूआती जांच में जमीनी विवाद में हत्या की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
