यात्रीगण कृपया ध्यान दें... डिंपल भाभी को जिताएं

यात्रीगण कृपया ध्यान दें... डिंपल भाभी को जिताएं



इटावा रेलवे स्टेशन पर किया गया अनाउंसमेंट, यात्री बोले-क्या अब स्टेशन पर भी प्रचार होगा



यात्रीगण कृपया ध्यान दें... मैनपुरी से डिंपल भाभी को जिताएं। इटावा जंक्शन पर शनिवार रात अचानक यह अनाउंसमेंट होने लगा। इसके चलते स्टेशन पर बैठे यात्री चौंक गए। पहले तो उन्हें लगा कि कहीं स्टेशन पर चुनाव प्रचार तो नहीं हो रहा। लेकिन जब उन लोगों ने आवाज पर ध्यान दिया तो पता चला कि आवाज रेलवे पूछताछ केंद्र पर लगे माइक से आ रही है। कुछ देर बाद आवाज आना बंद हो गई। इस बात से स्टेशन पर बैठे यात्री नाराज हो गए।


यात्रियों का कहना है, ''क्या अब स्टेशन पर भी चुनाव प्रचार होगा? यहां हम लोग बैठे थे, तभी करीब 15-20 बार डिंपल यादव के नारे लगे हैं। इसकी वजह से हम लोगों की नींद खराब हो गई। उल्टा हम ही लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।''


मामला शनिवार रात करीब 11 बजे का है। मौके पर मौजूद यात्रियों का कहना है कि रात के समय पूछताछ केंद्र खाली था। तभी कुछ लोगों ने वहां जाकर ये हरकत की है। हालांकि, उन लोगों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।


यात्रियों ने मामले की पूछताछ खिड़की पर पहुंचकर शिकायत भी की है। मामला सामने आने के बाद रेलवे अधिकारी जांच में जुट गए हैं। वहीं GRP भी अपने स्तर से पड़ताल कर रही है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि ये हरकत किसने की है। वहीं रेलवे अधिकारी कोई प्रतिक्रिया देने से बच रहे हैं।


भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने इस बात पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सपाई हार से पहले ही बौखला गए हैं। यह घटना दिखाती है कि उन लोगों ने अपनी हार मान ली है। हम लोग इस मामले में फैक्ट जमा कर रहे हैं। इसकी शिकायत चुनाव आयोग में भी की जाएगी।


वहीं रेलवे स्टेशन के CMI ने ऑफ रिकॉर्ड जानकारी देते हुए बताया, "मामला सुबह संज्ञान में आया है। जो कर्मी रात में ड्यूटी पर था उसने ही जानकारी दी। अभी उससे जानकारी लेकर उच्च अधिकारियों के संज्ञान में मामला भेजा जाएगा। जिसके बाद मंडल स्तर से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


अपने दोस्त को रात में स्टेशन पर छोड़ने आए चंद्रवीर सिंह ने बताया कि रेलवे यूनियन के कुछ कर्मी प्रयागराज जा रहे थे। इसी बीच कुछ कर्मियों ने रेलवे इन्क्वायरी के अंदर घुस कर के यह अनाउंसमेंट किया है। इसमें डिंपल यादव जिंदाबाद और उनको मैनपुरी चुनाव में वोट देने की नारेबाजी की जा रही थी। कुछ लोगों ने रात में ही GRP पुलिस को जाकर इसकी सूचना भी दी थी। पुलिस के आने से पहले ही सभी लोग चले गए थे।


बता दें कि सपा के सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के निधन से खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर 5 दिसंबर को उप चुनाव होना है। सपा ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। सैफई परिवार के लिए मैनपुरी सीट सियासत की सीढ़ी का काम करती है, नहीं इसका निर्णय उप चुनाव का परिणाम ही घोषित करेगा।


Post a Comment

أحدث أقدم