मैनपुरी उपचुनाव 2022 के लिए डिंपल यादव को प्रत्याशी घोषित किया है। सपा पितामह मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी सीट पर उनकी बहू डिंपल अब विरासत को संभालेंगी। समाजवादी पार्टी की तरफ से इसकी आधिकारिक तौर पर घोषणा की गई।
समाजवादी पार्टी ने लोकसभा क्षेत्र मैनपुरी उपचुनाव 2022 (Mainpuri Bypoll News) के लिए अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की पत्नी डिंपल यादव (Dimple Yadav) को प्रत्याशी घोषित किया है। सपा पितामह मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी सीट पर उनकी बहू डिंपल अब विरासत को संभालेंगी। समाजवादी पार्टी की तरफ से गुरुवार को इसकी आधिकारिक तौर पर घोषणा की गई।
डिंपल को टिकट देना सरप्राइज करने वाला फैसला इसलिए भी रहा क्योंकि अखिलेश यादव ने करीब 5 साल पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि पत्नी अब चुनाव नहीं लड़ेंगी। अखिलेश ने इसे खुद डिंपल यादव का फैसला बताते हुए यह बात कही थी। डिंपल 2 बार सांसद रह चुकी हैं। कन्नौज से उपचुनाव और फिर 2014 के चुनाव में वह सांसद बनी थीं। इसके बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा।
ऐसा माना जा रहा था कि अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के अलावा तेजप्रताप यादव और धर्मेंद्र यादव में से किसी को मैनपुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाया जा सकता है। एक तरफ शिवपाल यादव भी यहां से चुनाव लड़ने की इच्छा जता रहे थे। सपा ने एक दिन पहले ही आलोक शाक्य को मैनपुरी का नया जिला अध्यक्ष बनाया था।
BJP की तरफ से मैनपुरी लोकसभा सीट के लिए पूर्व प्रत्याशी प्रेम सिंह शाक्य, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, विधायक ममतेश शाक्य की दावेदारी संगठन के सामने की गई है। हालांकि, संगठन इस बार किसी बड़े चेहरे को लड़ाने पर भी विचार कर रहा है। इसके लिए सरकार में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव के नामों की चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार भाजपा के अंदरखाने में चर्चा यह भी है कि मैनपुरी उपचुनाव में मुलायम के दूसरे बेटे प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव को मैदान में उतारा जा सकता है। उन्हें नेताजी मुलायम सिंह यादव की परंपरागत मैनपुरी संसदीय सीट के उपचुनाव में कैंडिडेट बनाया जा सकता है। दरअसल यादव बिरादरी के वोट और मुलायम यादव परिवार के नाम के चलते भाजपा अपर्णा यादव को उतारने का मन बना रही है।
