अंबेडकरनगर । संयुक्त जिला चिकित्सालय में हेल्थ एटीएम जांच मशीन लग जाने से मरीजों को काफी राहत मिल रही है। हालांकि, अभी जिला अस्पताल में एक ही मशीन लगी है। इससे लगभग 50 से अधिक मरीजों को प्रतिदिन जांच रिपोर्ट मिल जाती है। इस तरह, हेल्थ एटीएम मशीन लग जाने से सुदूर से इलाज कराने आए मरीजों को काफी राहत मिल रही है। इस मशीन के इंस्टालेशन से मरीजों को कम समय में रिपोर्ट मिल जा रही है। मरीजों को अब भाग-दौड़ से फुरसत मिल जाती है।
- सत्यम सिंह
जिला अस्पताल में हेल्थ एटीएम लग जाने से इलाज के लिए आने वाले मरीजों की डायबिटीज, बीपी, ब्लड, वेट, हाइट सहित दर्जनों जांच 30 मिनट में हो जाती है। पहले इन जांचों के लिए मरीज को लंबी लाइन के बाद घंटों इंतजार करना पड़ता था।
अस्पताल में इलाज के लिए आए राम निहोर ने कहा कि हेल्थ एटीएम लग जाने से मरीजों को काफी सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले डॉक्टर के पास जाओ तो जांच कराने में टाइम लग जाता था और फिर डॉक्टर को जांच रिपोर्ट दिखाने फिर दूसरे दिन आना पड़ता था, लेकिन अब जांच एटीएम लग जाने से रिपोर्ट जल्दी मिल जाती है। इससे तुंरत डॉक्टर को भी दिखा सकते हैं।
