जी0के0 जेटली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य के निलंबन का आदेश

जी0के0 जेटली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य के निलंबन का आदेश



अम्बेडकरनगर। डॉ गणेश कृष्ण जेटली इंटर अकबरपुर में दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की अनियमित नियुक्ति में एक पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक, एक पूर्व प्रधानाचार्य और वर्तमान प्रधानाचार्य दोषी पाए गए हैं। शिक्षा निदेशक ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भेजकर प्रधानाचार्य को निलंबित करने का आदेश दिया है।


डॉ. गणेश कृष्ण जेटली इंटर कॉलेज में शासनादेशों के विपरीत सुनील कुमार श्रीवास्तव और सुरेंद्र विक्रम सिंह की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर अनियमित रूप से नियुक्ति कर दी गई थी। नियुक्ति तत्कालीन प्रधानाचार्य डॉ शिव हर्ष सिंह ने की थी। जबकि वेतन का भुगतान मौजूदा प्रधानाचार्य डॉ विनय कुमार के द्वारा किया गया था। तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक राम प्रसाद वर्मा भी जांच में दोषी पाए गए हैं। मौजूदा समय में डॉ शिव हर्ष सिंह प्रधानाचार्य और डॉ रामू प्रसाद वर्मा उप शिक्षा निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इसके अलावा दो अन्य व्यक्तियों की भी नियुक्ति नियमों से हटकर वर्तमान प्रधानाचार्य डॉ विनय कुमार ने की है।


इस संबंध में की गई शिकायत के बाद शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ. महेंद्र देव ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र भेजकर अनियमित नियुक्तियों एवं वेतन भुगतान के लिए दोषी विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ विनय कुमार के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई का आदेश दिया है।मीडिया में प्रकाशित खबरों से प्राप्त जानकारी के अनुसार,  डीआईओएस अंबेडकरनगर को इस आशय का शिक्षा निदेशक का पत्र प्राप्त हुआ है। निलंबन की कार्रवाई के लिए कॉलेज प्रबंधक को पत्र लिखा जा रहा है।




Post a Comment

और नया पुराने