पांच राज्यों के विधानसभा चुनावी नतीजों ने जहां भाजपा को पूरी तरह से ऊर्जावान कर दिया है तो वहीं दूसरी तरफ उसके खिलाफ खड़े हुए I.N.D.I.A. गठबंधन को करारा झटका भी दिया है। देश के तीन राज्यों (एमपी, राजस्थान और छत्तीसगढ़) में भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है तो वहीं तेलंगाना और मिजोरम में उसकी सीटें बढ़ी हैं।
दिग्गजों ने इन चुनावों को साल 2024 के चुनाव से पहले का सेमीफाइनल कहा था, उस हिसाब से तो भाजपा ने सेमीफाइनल में बंपर जीत हासिल की है और वो दोहरे आत्मविश्वास के साथ अब साल 2024 के फाइनल चुनावी मैच की तैयारियों में जुट गई है।
इसी बीच आए टाइम्स नाउ ईटीजी सर्वे रिपोर्ट ने भी विरोधी दलों की चिंता बढ़ा दी है क्योंकि इस सर्वे के मुताबिक अगर आज देश में लोकसभा चुनाव हुए तो बीजेपी प्रचंड बहुत हासिल करेगी और उसे 308 से 328 सीटें मिल सकती है तो वहीं उसको हराने के लिए बनाए गए विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. बहुमत से काफी दूर रहेगी और कांग्रेस को 52 से 72 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है।
कहते हैं कि देश के सिंहासन का रास्ता यूपी के सियासी गलियारों से ही गुजरता है और इस बार भी उत्तर प्रदेश पीएम मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने में अहम रोल प्ले करेगा। सर्वे के मुताबिक अगर आज लोकसभा चुनाव हों तो उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 70-74 सीटें मिल सकती हैं तो वहीं विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. को 4 से 8 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है, अगर वाकई ये आंकड़ें सच होते हैं तो निश्चित तौर पर यह विपक्षी गठबंधन के नेता अखिलेश यादव के लिए परेशानी पैदा कर सकता है।
मालूम हो कि सपा मुखिया अखिलेश यादव खुद को I.N.D.I.A. गठबंधन का सबसे बड़ा नेता साबित करने में जुटे हैं तो वहीं हालिया चुनावी नतीजों के बाद कांग्रेस के भी तेवर थोड़े ठंडे पड़े हैं। जबकि राजद अपनी पहचान बनाने में जुटा है तो वहीं बसपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं, वो I.N.D.I.A. गठबंधन का हिस्सा नहीं है।
लेकिन हाल ही में अपनी सल्तनत अपने भतीजे आकाश आनंद को सौंपने वाली मायावती की स्थिति खासा मजबूत नहीं दिख रही है। टाइम्स नाउ-ईटीजी सर्वे में उसे 0-1 सीट मिलती दिख रही है।
तो वहीं I.N.D.I.A. गठबंधन में शामिल दलों में भी अभी काफी मतेभद ही देखने को मिल रहे हैं और ठोस रणनीति का भी अभाव वहां नजर आ रहा है, जिसकी वजह से साल 2024 में उसे भाजपा को चुनौती देना काफी मुश्किल दिख रहा है।
ये है टाइम्स नाउ-ईटीजी सर्वे की रिपोर्ट
यूपी की 80 लोकसभा सीट
एनडीए को 70-74 सीट
इंडिया गठबंधन को 4-8 सीट
बीएसपी को 0-1 सीट
अन्य के खाते में 1-3 सीट
क्या थी साल 2019 में स्थिति?
बीजेपी- 62
अपना दल (एस)- 2
बीएसपी- 10
सपा- 5
कांग्रेस- 1
खास बातें- एनडीए में बीजेपी और अपना दल (एस) एक साथ मिलकर लड़े थे तो वहीं बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल का महागठबंधन था।
क्या थी साल 2014 में स्थिति?
बीजेपी- 71
अपना दल (एस)-2
बीएसपी- 0
सपा- 5
कांग्रेस- 2
क्या थी साल 2022 में यूपी विधानसभा चुनाव की स्थिति?
बीजेपी- 255
अपना दल (एस)-12
बीएसपी-1
सपा- 111
कांग्रेस- 2
अन्य-8
