अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के अमौली पेठिया गांव में एक युवक ने सुनसान घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अमौली पेठिया गांव निवासी ज्ञान प्रकाश पांडेय (40) अपनी बहन की शादी को लेकर कई दिनों से मानसिक अवसाद में चल रहा था। वह मंगलवार सुबह करीब चार बजे परिवार वालों को जानकारी दिए बिना घर से बाहर निकला था। घर के लोग खोजबीन कर रहे थे। इस बीच पता चला कि युवक ने गांव के ही बब्लू पांडेय के सुनसान घर की बाउंड्री में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
परिजन भागे भागे मौके पर पहुंचे तो वहां पर युवक का शव बाउंड्री वॉल में एक मुक्के में फांसी के फंदे के सहारे लटक रहा था। पुलिस के अनुसार बब्लू पांडेय के घर वाले बाहर रहते हैं। घर की चाबी भी मृतक ज्ञान प्रकाश के पास ही होती थी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं।
